Edited By Kuldeep, Updated: 07 Jul, 2026 09:29 PM

बद्दी पुलिस द्वारा अवैध पिस्टल व 7 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके कार्रवाई शुरू कर दी है। बद्दी पुलिस ने करीब 1 सप्ताह में अवैध हथियार का यह दूसरा मामला पकड़ा है।
बीबीएन (शेर सिंह): बद्दी पुलिस द्वारा अवैध पिस्टल व 7 जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके कार्रवाई शुरू कर दी है। बद्दी पुलिस ने करीब 1 सप्ताह में अवैध हथियार का यह दूसरा मामला पकड़ा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक शिकायत की जांच के दौरान प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस थाना नालागढ़ व थाना मानपुरा की संयुक्त टीम ने ग्राम कसम्बोवाल ढाणा में दबिश देकर एक व्यक्ति के कब्जे से एक अवैध पिस्टल तथा 7 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी हर्ष धीमान पुत्र राम गोपाल निवासी कसम्बोवाल ढाणा, डाकघर मानपुरा, तहसील बद्दी, जिला सोलन के घर की नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके निजी कमरे से एक डिब्बे में छिपाकर रखी गई 7.65 एमएम की पिस्टल तथा 7 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान आरोपी उक्त हथियार व कारतूसों के संबंध में कोई वैध लाइसैंस अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने बताया कि इस संबंध में पुलिस थाना मानपुरा में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने अथवा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि गत दिनों नालागढ़ क्षेत्र के गांव भटोली में एक देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा, 9 जिंदा कारतूस (7.65 एमएम) तथा 2 जिंदा कारतूस (8 एमएम) बरामद किए गए थे और आरोपी को गिरफ्तार किया था।