Edited By Vijay, Updated: 15 Jul, 2026 12:54 PM

ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में 20 जुलाई से शुरू होने वाले सावन सोमवार मेलों के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसडीएम एवं मंदिर अधिकारी संकल्प गौतम ने बताया कि सावन माह में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुविधा,...
बैजनाथ: ऐतिहासिक शिव मंदिर बैजनाथ में 20 जुलाई से शुरू होने वाले सावन सोमवार मेलों के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। एसडीएम एवं मंदिर अधिकारी संकल्प गौतम ने बताया कि सावन माह में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुविधा, सुरक्षा और सुचारू दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष मास्टर प्लान तैयार किया गया है।
गर्भगृह में प्रवेश पर रोक, जलहरी से होगा जलाभिषेक
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए प्रातःकालीन आरती से लेकर सायंकालीन आरती तक किसी भी श्रद्धालु को मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालु केवल पीतल की विशेष जलहरी के माध्यम से ही शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सकेंगे। मेले के दौरान मंदिर के मुख्य द्वार और गर्भगृह को आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। इसके अलावा, प्रसाद वितरण के लिए प्रवेश द्वार के बाईं ओर एक विशेष काऊंटर स्थापित किया जाएगा।
बुजुर्गों और बीमार श्रद्धालुओं को कतार मुक्त दर्शन की व्यवस्था
प्रशासन ने बुजुर्ग और बीमार श्रद्धालुओं को राहत देते हुए कतार मुक्त दर्शन की व्यवस्था की है। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दर्शन करवाए जाएंगे। सावन में बारिश की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर और लंगर स्थलों पर वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर लगाए जाएंगे। इसके अलावा मंदिर परिसर के शौचालयों को पूरी तरह सुचारू रखा जाएगा और सफाई व्यवस्था के लिए सफाई मित्रों की विशेष तैनाती की जाएगी।
बिनवा नदी में उतरने पर प्रतिबंध, खीरगंगा घाट पर स्नानागार तैयार
श्रावण मास में खीरगंगा घाट पर स्नान के विशेष महत्व को देखते हुए महिला एवं पुरुष स्नानागारों का निर्माण अंतिम चरण में है, जो 20 जुलाई से पहले तैयार हो जाएंगे। वहीं, बरसात के कारण बिनवा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका रहती है। इसे देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं के बिनवा नदी में उतरने पर पूर्ण रूप से रोक रहेगी।
17 जुलाई को होगी स्टालों की खुली बोली
मेले में लगने वाली दुकानों के लिए 17 जुलाई को पार्किंग नंबर-2 में ओपन बोली के माध्यम से स्टाल आवंटित किए जाएंगे। फूलों की सजावट, जर्मन हैंगर और लाइटिंग के टेंडर खोले जा चुके हैं और रविवार तक सारी तैयारियां पूरी हो जाएंगी। उधर, श्री महाकाल मंदिर के अधिकारी एवं तहसीलदार रमन ठाकुर ने बताया कि हाल ही में बने स्नानागार, तालाब और ऐतिहासिक कुंडों का नवीनीकरण कर लिया गया है। लंगर लगाने की इच्छुक संस्थाओं को मंदिर प्रशासन आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाएगा।
सीसीटीवी से होगी निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने साथ कीमती सामान न लाएं। बैजनाथ और पपरोला में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और यहां लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से की जाएगी। सावन सोमवार पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर विशेष पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें