Edited By Vijay, Updated: 09 Oct, 2026 06:55 PM

पुलिस थाना हरिपुर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में 41 वर्षीय एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विकास चौधरी (41) पुत्र सतीश चौधरी निवासी हरिपुर के रूप में हुई है।
बनखंडी (राजीव शर्मा): पुलिस थाना हरिपुर के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में 41 वर्षीय एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विकास चौधरी (41) पुत्र सतीश चौधरी निवासी हरिपुर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस अंदेशा जता रही है कि यह मामला कथित तौर पर खुद अपनी जान देने का हो सकता है, हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार विकास चौधरी पहले बद्दी में नौकरी करता था। करीब 20 दिन पहले ही वह अपनी नौकरी छोड़कर गांव वापस लौट आया था। बताया जा रहा है कि नौकरी छोड़ने के बाद वह टैक्सी लेकर अपना काम शुरू करने की योजना बना रहा था। उसकी पत्नी वर्तमान में बद्दी में ही रहती है, जबकि उसके दोनों बेटे हरिपुर में अपनी दादी के पास रहकर पढ़ाई कर रहे हैं।
घटनाक्रम के अनुसार गत रात विकास बाजार से घर लौटा। बताया जा रहा है कि उस समय उसने कथित तौर पर शराब पी रखी थी। घर आने के बाद वह अचानक बद्दी जाने की जिद करने लगा और अपनी गाड़ी लेकर निकल गया। हालांकि, कुछ दूरी पर जाकर उसकी गाड़ी फंस गई, जिसके बाद वह किसी तरह गाड़ी लेकर वापस घर आ गया और बाहर बैठ गया। परिजनों ने उसे समझाया और अंदर जाकर सोने के लिए कहा। इसके बाद विकास अपने कमरे में चला गया। कुछ समय बाद जब परिजन कमरे की तरफ गए तो विकास वहां संदिग्ध अवस्था में मृत पाया गया। घटना का पता चलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों की सूचना पर हरिपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कमरे को सील कर दिया है। वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरैंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। तलाशी के दौरान मौके से ऐसा कोई भी पत्र या सुराग बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के सटीक कारणों का पता चल सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा भेज दिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। उसी के अनुसार नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें