Edited By Vijay, Updated: 13 Oct, 2026 06:07 PM

कांगड़ा जिले के धर्मशाला शहर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा घरेलू गैस सिलैंडरों के दुरुपयोग और प्रतिबंधित पॉलीथीन के इस्तेमाल पर नकेल कसने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं।
धर्मशाला (प्रियंका): कांगड़ा जिले के धर्मशाला शहर में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा घरेलू गैस सिलैंडरों के दुरुपयोग और प्रतिबंधित पॉलीथीन के इस्तेमाल पर नकेल कसने के लिए खाद्य आपूर्ति विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न बाजारों में औचक निरीक्षण अभियान चलाकर इन नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ने धर्मशाला शहर के लगभग 20 अलग-अलग स्थानों (दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों) पर अचानक दबिश दी। इस निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि कई जगहों पर व्यावसायिक कार्यों (दुकान/ढाबे आदि) के लिए अवैध रूप से घरेलू गैस सिलैंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से ऐसे 7 घरेलू गैस सिलैंडरों को जब्त कर लिया। इसके साथ ही, दुकानों में प्रतिबंधित पॉलीथीन का इस्तेमाल पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों से 1,500 रुपए का जुर्माना भी वसूला गया।
इस कार्रवाई के संदर्भ में जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सरकारी नियमों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा समय-समय पर ऐसे निरीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य व्यावसायिक कार्यों में घरेलू गैस सिलैंडरों के अवैध इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से रोक लगाना और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रतिबंधित पॉलीथीन के उपयोग को नियंत्रित करना है।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलैंडरों का इस्तेमाल केवल निर्धारित नियमों के तहत घरों में ही किया जाना चाहिए। व्यावसायिक कार्यों के लिए केवल कमर्शियल सिलैंडर का ही प्रावधान है। उन्होंने सभी कारोबारियों से अपील की है कि वे सरकारी नियमों का सख्ती से पालन करें और दुकानों में प्रतिबंधित पॉलीथीन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें