Edited By Vijay, Updated: 18 Sep, 2022 06:47 PM

ओलिंपियन एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बबीता फोगाट ने शिमला में कांग्रेस पर जुबानी हमले बोले तो वहीं प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान के लिए मोदी और जयराम सरकार ने सराहनीय...
शिमला (भूपिन्द्र): ओलिंपियन एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा कि राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बबीता फोगाट ने शिमला में कांग्रेस पर जुबानी हमले बोले तो वहीं प्रदेश व केंद्र सरकार की योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला सम्मान के लिए मोदी और जयराम सरकार ने सराहनीय प्रयास किए हैं। रविवार को शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पहलवान बबीता फोगाट ने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान नहीं है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए महिला पहलवान ने कहा कि प्रदेश के कांग्रेस नेता महिलाओं के बारे में क्या सोच रखते हैं, वह शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य के हालिया बयान से सिद्ध हो जाता है।
राजस्थान में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की संख्या में भारी इजाफा
कांग्रेस शासित प्रदेश राजस्थान में पिछले लगभग 4 वर्षों में महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है। राजस्थान का कोई भी कोना ऐसा नहीं है जहां पर बलात्कार, छेड़छाड़ जैसी आपराधिक घटनाएं न होती हों और कांग्रेस नेता दूसरे प्रदेशों में नारी सम्मान की बातें करते हुए घूम रहे हैं जबकि इसके विपरीत प्रदेश की जयराम सरकार ने महिला सम्मान के लिए पिछले 5 वर्षों में सराहनीय प्रयास किया है, जिसमें कि हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन की बसों में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत किराए की छूट देना, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह पर 31000 रुपए की राशि प्रदान करना और गृहिणी सुविधा योजना के तहत प्रदेश में 434000 महिलाओं को मुफ्त में गैस कनैक्शन वितरित करना और 2 सिलैंडर बिना किसी शुल्क रिफिल करना पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देना और 60 साल से अधिक आयु वर्ग के सभी बुजुर्गों के लिए सामाजिक पैंशन प्रदान करना भी भाजपा सरकार की महिला सम्मान सशक्तिकरण के लिए बहुत बड़ा कदम है।
इसलिए भाजपा में हुईं शामिल
बबीता फोगाट ने कहा कि भाजपा के राष्ट्र से जुड़ी पार्टी होने तथा मोदी सरकार की महिला सशक्तिकरण की प्रतिबधता को देखते हुए ही वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं। साथ ही धारा 370 हटाकर प्रधानमंत्री ने इतिहास बदल दिया। फोगाट ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बराबरी का हक देने के लिए अनेक प्रकार की योजनाएं प्रदेश व केन्द्र स्तर पर लागू की हैं। इसलिए हिमाचल के आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी एक बार पुन: जीत करके सरकार बनाएगी।
टापस से बढ़ी ओलिंपिक में पदकों की संख्या
फोगाट ने कहा कि टारगेट ओलिंपियन पोडियम स्कीम (टापस) ओलिंपिक में भारत के पदकों की संख्या को बढ़ाने के लिए वरदान साबित हुई है। इसके तहत खिलाडिय़ों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण व सुविधाएं प्रदान की गई हैं। ओलिंपियन गोल्ड मैडलिस्ट नीरज चोपड़ा को भी इस योजना के तहत ही प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इसी के कारण उनका अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन रहा है। इसके अलावा खेलो इंडिया के तहत भविष्य में देश का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, ताकि भारत खेलों में भी विश्व में अग्रणी स्थान प्राप्त कर सके।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here