Edited By Kuldeep, Updated: 01 Sep, 2026 05:59 PM

बिलासपुर में ‘एक से श्रेष्ठ’ केंद्रों के समारोह में आए सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में करीब 25 वर्ष पूर्व तत्कालीन भाजपा सरकार ने लाॅटरी को बंद कर दिया था, ताकि परिवार न उजड़ें, क्योंकि कई परिवार लाॅटरी में अपना सबकुछ खो चुके हैं।
बिलासपुर (विशाल): बिलासपुर में ‘एक से श्रेष्ठ’ केंद्रों के समारोह में आए सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में करीब 25 वर्ष पूर्व तत्कालीन भाजपा सरकार ने लाॅटरी को बंद कर दिया था, ताकि परिवार न उजड़ें, क्योंकि कई परिवार लाॅटरी में अपना सबकुछ खो चुके हैं। ऐसे ही अब केंद्र की मोदी सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग पर भी रोक लगाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाॅटरी तो तत्कालीन भाजपा सरकार ने बंद की लेकिन उसके बाद स्व. वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में बनी कांग्रेस सरकारों ने भी लाॅटरी जैसी बुराई को पुन: शुरू नहीं किया। लाॅटरी एक जुआ है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू की कांग्रेस सरकार को ऐसी क्या मजबूरी है कि उन्हें लाॅटरी जैसी बुराई को शुरू करना पड़ा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू का कहना है कि एक-एक बूंद से घड़ा भरता है और यहां अब कांग्रेस के पापों का घड़ा भर रहा है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचल की जनता से अपील की कि वे लाॅटरी के चक्कर में न फंसें, क्योंकि लाॅटरी लगती तो एक की है लेकिन बर्बादी अनेक परिवारों की हो जाती है। वहीं उन्होंने कहा कि युवा किसी राजनीतिक दल के नहीं, अपितु देश व समाज के होते हैं। उन्हें नशे के चंगुल में फंसने से बचाना व बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के आगे बढ़ने देना आवश्यक है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार व भाजपा युवाओं की उन्नति के लिए विशेष रूप से कार्य कर रही है। गत 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने 86 नए सैनिक स्कूल खोले हैं। शीघ्र ही इनकी संख्या 100 हो जाएगी। अब इन सैनिक स्कूलों में लड़कियों को भी पढ़ने की अनुमति प्रदान की गई है। यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है।