CAG रिपोर्ट को लेकर सुक्खू सरकार पर बरसे जयराम ठाकुर, लगाए ये गंभीर आरोप

Edited By Vijay, Updated: 04 Sep, 2026 07:48 PM

opposition leader jairam thakur

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन सदन में पेश की गई नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट को लेकर विपक्ष ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है।

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन सदन में पेश की गई नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट को लेकर विपक्ष ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि कैग रिपोर्ट ने राज्य सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन और सत्ता संरक्षित भ्रष्टाचार की पूरी तरह से पोल खोल दी है। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शिमला स्थित गंज मंदिर में दर्शन करने पहुंचे जयराम ठाकुर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि आने वाले समय में इस सरकार के चेहरे से नकाब पूरी तरह उठ जाएगा।

मित्र मंडली पर लुटाया जा रहा सरकारी खजाना
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे ऑनलाइन टेंडर की बात हो, खरीद में पारदर्शिता का मामला हो या टैक्स वसूली का, सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर फिसड्डी साबित हुई है। इसका सीधा नुकसान सरकारी कोष को हो रहा है। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के हर कदम से प्रदेश को नुक्सान हो रहा है और सरकारी खजाना केवल मित्र मंडली और कुछ गिने-चुने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए लुटाया जा रहा है।

बिना बजट खर्च किए 438 करोड़ रुपए
राजस्व और राजकोषीय घाटे के लगातार बढ़ने पर चिंता जताते हुए जयराम ठाकुर ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि सरकार ने बिना बजट के करीब 438 करोड़ रुपए खर्च कर दिए, जबकि दूसरी ओर 673 करोड़ रुपए की योजनाओं का प्रावधान होने के बावजूद कोई खर्च नहीं किया गया। यह सरकार के घोर वित्तीय कुप्रबंधन को दर्शाता है।

ई-टैंडरिंग में बड़ा घोटाला, एक ही आईपी एड्रैस से लगी बोलियां
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सबसे बड़ा घोटाला सरकारी और सार्वजनिक उपक्रमों में वस्तुओं, सेवाओं और कार्यों की खरीद व टैंडर प्रक्रिया (ई-प्रोक्योरमैंट सिस्टम) में सामने आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि टेंडर प्रक्रिया में एक ही आईपी एड्रैस, यहां तक कि विभागीय आईपी एड्रैस का इस्तेमाल करके बोलियां लगाई गईं। इन बोलियों की राशि में बहुत मामूली अंतर था। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में बैठकर संसाधनों का दुरुपयोग करते हुए ई-टैंडर डाले गए, जो विभाग और ठेकेदारों की मिलीभगत के बिना संभव नहीं है।

जयराम ने मुख्यमंत्री को दी नसीहत 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए नेता प्रतिपक्ष ने पूछा कि क्या यही सुक्खू सरकार के व्यवस्था परिवर्तन का मॉडल है? उन्होंने मुख्यमंत्री को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अब संभल जाना चाहिए और तानाशाही रवैया छोड़कर संविधान के दायरे में रहकर प्रदेश के हित में काम करना चाहिए।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!