Chamba: जुर्म कबूलने के बाद आरोपी महिला ने पुलिस पूछताछ में किया खुलासा : नेगी राम के सिर पर पत्थर से किए थे 8 वार

Edited By Kuldeep, Updated: 01 Sep, 2026 08:48 PM

teesta accused woman interrogation

चुराह क्षेत्र में हुए नेगी राम हत्याकांड मामले में आरोपी के जुर्म कबूल करने के बावजूद पुलिस की जांच धीमी नहीं पड़ी है।

तीसा (सुभानदीन): चुराह क्षेत्र में हुए नेगी राम हत्याकांड मामले में आरोपी के जुर्म कबूल करने के बावजूद पुलिस की जांच धीमी नहीं पड़ी है। पुलिस ने मामले के हर एक पहलू को खंगालने के लिए जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। पुलिस द्वारा आरोपी महिला से करीब 6 घंटे तक लगातार गहन पूछताछ की गई। इस लंबी पूछताछ के दौरान महिला ने वारदात से जुड़े कई हैरान करने वाले तथ्य पुलिस के सामने रखे।

महिला ने कथित तौर पर दावा किया कि वह पिछले काफी लंबे समय से पारिवारिक प्रताड़ना का सामना कर रही थी और इसी घुटन व आक्रोश के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। आरोपी महिला के बयान के मुताबिक घटना के वक्त नेगी राम ने उसके साथ गलत हरकत की थी और बाद में माफी मांगने लगा था। आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि उस दौरान नेगी राम ने अपना सिर जमीन पर उसके सामने रख दिया, जिससे उसका गुस्सा बर्दाश्त से बाहर था।

इसी आक्रोश में उसने पास पड़े एक भारी पत्थर से नेगी राम के सिर पर ताबड़तोड़ करीब 8 वार कर दिए। इसके साथ ही उसने बाजू पर भी वार करने की बात कही। महिला द्वारा जुर्म कबूल करने के बाद क्षेत्र के कुछ लोगों द्वारा पुलिस की कार्यप्रणाली और जांच की दिशा को लेकर तरह-तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं।

किसी एक के कबूलनामे से बंद नहीं होगी जांच
​पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिर्फ किसी एक आरोपी के कथित कबूलनामे के आधार पर कभी भी जांच को बंद नहीं किया जाता है। पुलिस हर एक बयान को भौतिक साक्ष्यों, परिस्थितियों और वैज्ञानिक जांच के साथ मिलाकर देख रही है, ताकि सच्चाई अदालत के सामने पूरी तरह बेनकाब हो सके।

​सबूत मिटाने की कोशिश और बरामदगी की तैयारी
​वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्यों को मिटाने की पूरी कोशिश की थी। महिला ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद उसने नेगी राम का मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया पत्थर पास ही बह रहे दरिया में फैंक दिया। इसके अलावा उसने अपना खून से सना सूट बदलकर उसे भी फैंक देने की बात कही। अब पुलिस आरोपी की निशानदेही पर उन तमाम वस्तुओं को तलाशने और कब्जे में लेने की तैयारी कर रही है, जिन्हें दरिया या अन्य जगहों पर फैंका गया था। इन सभी वस्तुओं को फोरैंसिक जांच के लिए लैबोरेटरी भेजा जाएगा, ताकि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले को पूरी तरह पुख्ता किया जा सके।

​परिजनों की आशंका, क्या सचमुच अकेली थी महिला
​मंगलवार को मृतक नेगी राम के भाई और उनकी पत्नी ने एसडीपीओ सलूणी रंजन शर्मा से मुलाकात करके निष्पक्ष, पारदर्शी और गहन जांच की मांग उठाई। परिजनों ने साफ तौर पर आशंका जताई कि इस खौफनाक वारदात में अकेली महिला शामिल नहीं हो सकती। इस हत्याकांड के पीछे अन्य लोगों की संलिप्तता हो सकती है, इसलिए पुलिस को मामले के हर छिपे हुए पहलू की गहराई से जांच करनी चाहिए। केवल एक आरोपी के हाथ होने की बात पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पुलिस से मांग की कि पर्दे के पीछे छिपे अन्य चेहरों को भी बेनकाब किया जाए।

​आरोपियों का होगा पॉलीग्राफ टैस्ट
​मामले की तह तक जाने के लिए अदालत ने आरोपियों को 4 दिन का पुलिस रिमांड सौंपा है। इस रिमांड अवधि के दौरान दोनों आरोपियों से आमने-सामने बिठाकर और भी कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। ​इसके साथ ही पुलिस इस मामले में वैज्ञानिक और तकनीकी मदद का सहारा ले रही है। अगले 2 दिनों के भीतर दोनों आरोपियों को पॉलीग्राफ टैस्ट के लिए शिमला ले जाने की पुख्ता तैयारी की जा रही है। पूछताछ और इस वैज्ञानिक जांच के मेल से हत्याकांड से जुड़े कई अनछुए और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

हत्याकांड के दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा : रंजन शर्मा
​एसडीपीओ रंजन शर्मा ने नेगी राम के भाई, पत्नी व अन्य लोगों को पूरी तरह आश्वस्त किया है कि पुलिस इस मामले में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरत रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भी संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कानून के मुताबिक बेहद कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि असली दोषी कानून के शिकंजे से बच न सकें और उन्हें उनके किए की पूरी सजा मिल सके।

एसपी चम्बा विजय सकलानी का कहना है कि हत्याकांड मामले में गिरफ्तार आरोपी महिला के कबूलनामे के बाद भी पुलिस जांच कर रही है कि मामले में महिला के साथ और कोई शामिल था या नहीं। जांच अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मामले में जो भी संलिप्त पाए जाते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!