Edited By Kuldeep, Updated: 18 Jun, 2026 04:48 PM

सरयांज सड़क के किनारे 15 जून को हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति पर कथित रूप से हैल्मेट से हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
अर्की (सुरेंद्र): सरयांज सड़क के किनारे 15 जून को हुई कहासुनी के बाद एक व्यक्ति पर कथित रूप से हैल्मेट से हमला करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। जानकारी के अनुसार 15 जून को एक बाइक सवार अपनी बाइक को पीछे कर रहा था। इसी दौरान उक्त व्यक्ति ने उसे सावधानी बरतने और थोड़ा साइड होने के लिए कहा, ताकि बाइक उसके पैरों पर न चढ़ जाए। इस बात से नाराज होकर बाइक सवार ने व्यक्ति का गला पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि बाद में उसने हैल्मेट से उसके सिर और शरीर पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल का निरीक्षण एस.एफ.एस.एल. जुंगा की विशेषज्ञ टीम से भी करवाया गया तथा मौके से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों को कब्जे में लिया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में पुलिस थाना कुनिहार में मारपीट का एक अन्य मामला भी दर्ज है।