Edited By Vijay, Updated: 30 Sep, 2026 06:33 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोलन पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने बीते दो दिनों के भीतर नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए
सोलन (अमित): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सोलन पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने बीते दो दिनों के भीतर नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए 3 अलग-अलग मामलों में कुल 13 किलो 630 ग्राम चूरा-पोस्त और 22.27 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया है। इन कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक सोलन साईं दतात्रेय वर्मा ने मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।
ट्रक से पकड़ा 13 किलो 630 ग्राम चूरा-पोस्त, 2 गिरफ्तार
पहले मामले की जानकारी देते हुए एसपी ने बताया कि धर्मपुर थाना की पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें से 13 किलो 630 ग्राम चूरा-पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से हरिदत्त (26) निवासी खील बड्सेर (कुमारहट्टी) और जितेंद्र कुमार (30) निवासी रुन्दन घोड़ो (कुमारहट्टी) को गिरफ्तार कर लिया। तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है, ताकि नशे के बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाया जा सके।
गाड़ी में सवार 3 युवकों से 11.27 ग्राम चिट्टा बरामद
दूसरे मामले में जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई टीम ने धर्मपुर थाना क्षेत्र में ही गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान एक वाहन की चेकिंग की गई, तो उसमें सवार तीन युवकों के कब्जे से 11.27 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान गौरव वर्मा (29) निवासी न्यू कथेड (सोलन), शुभम ठाकुर (25) निवासी धार (सलोगड़ा) और वीरेंद्र कुमार (32) निवासी न्यू कथेड (चंबाघाट) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके वाहन को भी जब्त कर लिया है।
पट्टा मोड़ पर युवक से मिला 11 ग्राम चिट्टा
वहीं, तीसरे मामले में धर्मपुर पुलिस टीम ने पट्टा मोड़, कुमारहट्टी के समीप एक अन्य कार्रवाई को अंजाम दिया। यहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर संजय (28) निवासी गांव पालवी, शिलारू (ठियोग) को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके पास से 11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इन सभी मामलों में गहराई से जांच कर रही है ताकि जिले में सक्रिय नशा माफिया की जड़ों तक पहुंचा जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें