Edited By Vijay, Updated: 14 May, 2026 04:21 PM

जिला कुल्लू में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मणिकर्ण और भुंतर में हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने भारी मात्रा में सिंथैटिक ड्रग्स, चरस और चिट्टे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर...
कुल्लू (संजीव): जिला कुल्लू में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मणिकर्ण और भुंतर में हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने भारी मात्रा में सिंथैटिक ड्रग्स, चरस और चिट्टे के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पहले मामले में मणिकर्ण पुलिस की टीम को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने कसोल स्थित एक होटल में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने होटल परिसर से दो युवकों को भारी मात्रा में नशीले पदार्थों के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान विरेन्द्र सिंह उर्फ विरेन (27) निवासी बदेहड़, पालमपुर (कांगड़ा) और विवेक शर्मा (26) निवासी कोटला, घुमारवीं (बिलासपुर) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से 31.97 ग्राम मेथ, 0.42 ग्राम एमडीएमए, 0.25 ग्राम एलएसडी पेपर स्ट्रिप्स और 12.23 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना मणिकर्ण में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 20, 22 और 29 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
दूसरे मामले में भुंतर थाना पुलिस की टीम ने गश्त के दौरान सिविल अस्पताल तेगुबेहड़ परिसर के भीतर निर्माणाधीन अस्पताल की साइट पर एक संदिग्ध व्यक्ति को दबोचा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। आरोपी की पहचान जोगिन्द्र सिंह (36) निवासी गांव पिपलागे, भुंतर (कुल्लू) के रूप में की गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
इन दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई चेन में आगे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। एसपी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि नशे के खिलाफ हमारी जीरो टॉलरैंस की नीति लगातार जारी रहेगी। हमारी कार्रवाई केवल नशा पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि इन तस्करों के मुख्य नैटवर्क और सोर्स को जड़ से खत्म करने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें