Edited By Vijay, Updated: 30 May, 2026 11:42 PM

डीसी कार्यालय शिमला के बचत भवन में नगर निगम की जनरल हाऊस की बैठक के दौरान जबरन घुसकर हंगामा करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
शिमला (संतोष): डीसी कार्यालय शिमला के बचत भवन में नगर निगम की जनरल हाऊस की बैठक के दौरान जबरन घुसकर हंगामा करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शिमला पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें सीटू नेता विजेंद्र मेहरा भी शामिल हैं। यह कार्रवाई नगर निगम शिमला के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा की शिकायत पर की गई है। शिकायत के अनुसार 29 मई को बैठक के दौरान कुछ उपद्रवियों ने जबरन कक्ष में प्रवेश किया, नारेबाजी की और कानून व्यवस्था को प्रभावित किया। थाना सदर शिमला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 189(2), 191(2), 221 और 223 के तहत मुकद्दमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने गवाहों के बयानों, सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर शनिवार को तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें विजेंद्र मेहरा (48) निवासी एजीपीओ शिमला, बालक राम (45) निवासी चितकारा पार्क शिमला व विवेक कश्यप (48) निवासी मल्याणा शिमला शामिल हैं। पुलिस के अनुसार विजेंद्र मेहरा के खिलाफ पहले से करीब 50 आपराधिक मामले दर्ज हैं और बालक राम के विरुद्ध पूर्व में 10 मामले दर्ज हैं, जबकि विवेक कश्यप के खिलाफ पूर्व में 2 मामले दर्ज हैं।
शिमला पुलिस के मुताबिक मामले की आगामी तफ्तीश जारी है और अन्य संलिप्त चेहरों की पहचान की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें