Una: अम्ब में 10 लाख की प्रतिबंधित लकड़ी से भरे 2 ट्रक जब्त, चालकों के खिलाफ केस दर्ज

Edited By Vijay, Updated: 04 Jun, 2026 05:40 PM

2 trucks loaded with prohibited wood seized case filed against drivers

वन विभाग की टीम ने अम्ब चौक पर प्रतिबंधित वन प्रजाति की लकड़ी का अवैध परिवहन करते हुए 2 वाहनों को पकड़ा है। बुधवार देर सायं शीशम व कैम्बल सहित चौड़ी पत्ती वाली प्रजातियों की लकड़ी के मौछों से लोड ट्रकों को अम्ब चौक में पकड़ा गया है।

अम्ब (अश्विनी): वन विभाग की टीम ने अम्ब चौक पर प्रतिबंधित वन प्रजाति की लकड़ी का अवैध परिवहन करते हुए 2 वाहनों को पकड़ा है। बुधवार देर सायं शीशम व कैम्बल सहित चौड़ी पत्ती वाली प्रजातियों की लकड़ी के मौछों से लोड ट्रकों को अम्ब चौक में पकड़ा गया है। इस मामले में थाना अम्ब में 2 वाहन चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा भारतीय वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार नैहरी बीट के प्रभारी को गुप्त सूचना मिली कि नादौन की ओर से 2 ट्रक प्रतिबंधित वन प्रजाति की लकड़ी लेकर अम्ब की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही वन खंड अधिकारी ज्वार विजय कुमार, डिप्टी रेंजर मनीष कुमार, ज्वार बीट प्रभारी वनरक्षक अजय कुमार व नैहरी बीट के प्रभारी वन रक्षक विरेन्द्र कुमार पर आधारित टीम रेंज कार्यालय से रवाना हुई और अम्ब-नादौन मार्ग पर निगरानी शुरू की।

वन विभाग की टीम ने अम्ब चौक में नाका लगाकर तिरपाल से ढके 2 ट्रकों को रोककर जांच की। जांच के दौरान दोनों वाहनों में प्रतिबंधित वन प्रजाति के मौछे और गुटका लदा हुआ पाया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने जब परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो चालक कोई भी वैध दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सके। वन विभाग ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर वन परिक्षेत्र कार्यालय अम्ब के परिसर में खड़ा कर दिया।

उसके बाद वनरक्षक विरेन्द्र कुमार ने थाना अम्ब में लिखित शिकायत देकर दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की तस्दीक के लिए मुख्य आरक्षी रंजीव कुमार को वन परिक्षेत्र कार्यालय अम्ब भेजा। मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारी ने वन विभाग के अधिकारियों से पूछताछ की तथा दोनों वाहनों की जांच की। प्रारंभिक जांच में वाहनों में अवैध रूप से प्रतिबंधित लकड़ी लदी होने की पुष्टि हुई।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने जांच और शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) तथा भारतीय वन अधिनियम की धारा 41 और 42 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि प्रतिबंधित वन प्रजाति की लकड़ी कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था तथा इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

वन रेंज अधिकारी अम्ब राहुल ठाकुर ने कहा कि प्रारंभिक जांच में ट्रकों में करीब 10 लाख रुपए की अवैध लकड़ी लोड पाई गई है। गाड़ियां अनलोड होने के बाद ही पता चल पाएगा कि असल में इसमें किस प्रजाति की लकड़ी है और कुल कितनी कीमत की लकड़ी है। बाहर से देखने में प्रतीत हो रहा है कि वाहनों में शीशम व कैम्बल सहित चौड़ी पत्ती वाली प्रजातियों की लकड़ी के मौछे और गुटके लोड हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!