Chamba: युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणि कुलेठी पंचतत्व में विलीन, पिता ने दी बेटे की चिता को मुखाग्नि

Edited By Vijay, Updated: 22 Oct, 2026 06:22 PM

youth congress leader chandramani kulethi merged into the five elements

हिमाचल युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। वीरवार को उनके पैतृक गांव कुलेठी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पिता धर्म चंद कुलेठी ने बेटे को मुखाग्नि दी। बुधवार रात करीब 12 बजे होली घाटी में करंट लगने से चंद्रमणि...

भरमौर (उत्तम): हिमाचल युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। वीरवार को उनके पैतृक गांव कुलेठी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पिता धर्म चंद कुलेठी ने बेटे को मुखाग्नि दी। बुधवार रात करीब 12 बजे होली घाटी में करंट लगने से चंद्रमणि कुलेठी की मौत हो गई थी। वह मुख्यमंत्री सुक्खू के होली घाटी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों में जुटे थे। अपने साथियों के साथ रात करीब 12 बजे पोस्टर, बैनर और झंडे लगा रहे थे। इस दौरान अचानक बिजली की तारों की चपेट में आ गए। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। युवा नेता की मौत से क्षेत्र में पूरे जिले में मातम छा गया है। मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों के बीच युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रमणि कुलेठी की मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

बता दें कि मुख्यमंत्री का 22 और 23 अक्तूबर को होली क्षेत्र का दौरा प्रस्तावित था। दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्त्ता स्वागत की तैयारियों में जुटे थे। चंद्रमणी कुलेठी भी स्वागत की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। इस दौरान हुए हादसे ने खुशियों और उत्साह के माहौल को मातम में बदल दिया। उधर, पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीएम सुक्खू सहित लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जताया शोक
चंद्रमणी कुलेठी के असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के माध्यम से चंद्रमणि के पिता से बातचीत कर संवेदनाएं जताईं। उन्होंने बताया कि वह अंतिम विदाई में पहुंचना चाहते थे, लेकिन हैलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के कारण दूसरा हैलीकॉप्टर मंगवाना पड़ा और देरी होने से वह नहीं पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि वह इस दुख की घड़ी में उनके साथ हैं और आगे भी साथ निभाएंगे।

माता-पिता की इकलौती संतान थे चंद्रमण, पीछे छूटा 2 साल का बेटा
इस हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि चंद्रमणि अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता का कुछ दिन पहले ही ऑप्रेशन हुआ था और वह बिस्तर पर हैं। अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 2 साल के मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया है। वह अपने पीछे 2 साल का बेटा, पत्नी और माता-पिता छोड़ गए हैं।

सैंकड़ों लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई
चंद्रमणि की अंतिम यात्रा में सैंकड़ों लोग शामिल हुए। डीसी मुकेश रेप्सवाल, एडीएम भरमौर विकास शर्मा, चम्बा के विधायक नीरज नैय्यर, भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज, पूर्व विधायक जिया लाल कपूर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत शर्मा भरमौरी सहित अनेक गण्यमान्य लोगों ने अंतिम विदाई देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। चंद्रमणि का असमय जाना कांग्रेस संगठन और उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!