Edited By prashant sharma, Updated: 09 Mar, 2021 11:08 AM
प्रदेश में अहमियत रखने वाली नगर निगम धर्मशाला के चुनावों को लेकर फील्ड में डटी सत्तासीन सरकार के वजीर चुनावों से ठीक पहले जनता की समस्याओं के हल को लेकर कसरत में जुटे हुए हैं।
धर्मशाला (तनुज) : प्रदेश में अहमियत रखने वाली नगर निगम धर्मशाला के चुनावों को लेकर फील्ड में डटी सत्तासीन सरकार के वजीर चुनावों से ठीक पहले जनता की समस्याओं के हल को लेकर कसरत में जुटे हुए हैं। निगम के सभी 17 वार्डों में आयोजित जनसभाओं में सामने आई जनता की समस्याओं को हल करवाने के लिए अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश जारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं धर्मशाला निगम को जीत कर सत्तासीन सरकार की झोली में डालने के लिए अधिकारियों से अलग बैठक कर जनसभाओं में सामने आई सभी समस्याओं को जल्द से जल्द हल करने के निर्देश भी दे रहे हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार के लिए अहम बनी धर्मशाला नगर निगम को विजयी करने तथा अपने चुनाव प्रचार को बूस्टअप करने को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी खाका तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री जिला कांगड़ा के फतेहपुर दौरे पर 13 मार्च को पहुंच रहे हैं। लेकिन 12 मार्च को धर्मशाला में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भी अंदरखाते तैयारियां की जा रही हैं। जिससे कि चुनाव आचार संहिता की घोषणा से पहले मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रयास किए जा सकें। वहीं, कांग्रेस ने भी नगर निगम चुनावों को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी के आला पदाधिकारियों व नेताओं के नेतृत्व में बैठकें आयोजित कर कार्यकत्र्ताओं को फील्ड में प्रचार कमान संभालने के निर्देश दिए गए हंै। कांग्रेस नेता अभी केवल भाजपा की कार्यप्रणाली को देख रही है। सूत्रों के अनुसार 1-2 दिनों के भीतर कांग्रेस भी अपने समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार को लेकर अभियान को गति प्रदान करेगी।