Edited By Vijay, Updated: 16 Oct, 2026 09:22 PM

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के सिल्लाघ्राट क्षेत्र की घघरोता पंचायत में गौवंश से जुड़े एक संवेदनशील मामले को सुलझाने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चम्बा सदर थाना प्रभारी रमन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में...
चम्बा (काकू): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के सिल्लाघ्राट क्षेत्र की घघरोता पंचायत में गौवंश से जुड़े एक संवेदनशील मामले को सुलझाने में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। चम्बा सदर थाना प्रभारी रमन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति शांत हुई है और पुलिस की भूमिका को अहम माना जा रहा है।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को शुक्रवार को स्थानीय अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की गंभीरता और जांच की आवश्यकता को देखते हुए आरोपियों को 19 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड अवधि के दौरान पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा सके और वारदात की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
इस मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए चम्बा पुलिस ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया था। घटना के सामने आने के बाद 46 सदस्यीय पुलिस टीम ने जलेदा जंगल से लेकर उडाण धार तक भारी तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों और धार में बने अस्थायी ठिकानों को बारीकी से खंगाला। जांच प्रक्रिया के तहत पुलिस ने संदेह के आधार पर करीब 20 लोगों को थाने बुलाया था, जिनमें से 8-10 लोगों से गहन पूछताछ की गई। इसी पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जुड़ीं और पुलिस इन चार आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले घघरोता पंचायत में गौवंश से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष था। लोगों की भावनाओं को देखते हुए पुलिस ने इसे प्राथमिकता पर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश शर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस पूरे मामले में तथ्यों और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में ला रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें