Edited By Vijay, Updated: 11 Sep, 2026 08:08 PM

चम्बा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में तैनात पीईटी को नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर कार में ले जाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
चम्बा (रणवीर): चम्बा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय में तैनात पीईटी को नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर कार में ले जाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। शिक्षा विभाग ने शिकायत के बाद कड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। इसकी रिपोर्ट उच्च शिक्षा निदेशालय शिमला भेज दी गई है। अब आगामी समय में विभागीय जांच बिठाई जाएगी।
वहीं दूसरी तरफ छात्रा के बयान के आधार पर पुलिस ने भी कई धाराओं के तहत शिक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में छात्रा ने बताया कि 4 सितम्बर को वह मवेशी चराने के लिए गई थी। इस दौरान विद्यालय में पीईटी के पद पर तैनात शिक्षक उसे अपनी कार में बैठाकर कहीं ले गया। इसके बाद आरोपी शिक्षक उसे शाम को वापस छोड़कर चला गया। इसके बाद छात्रा के परिजनों के साथ ग्रामीण विद्यालय परिसर में पहुंचे। ग्रामीणों ने घटना को लेकर रोष जताते हुए काफी देर तक हंगामा भी किया था। उधर, 4 सितम्बर को चूंकि छुट्टी का दिन था ऐसे में शिक्षा विभाग ने स्कूल में भी शिक्षकों से अपने स्तर पर पूछताछ की है।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चम्बा मनोहर लाल ने पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद शिक्षक काे सस्पैंड कर दिया गया है। इस बारे में रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंप दी गई है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें