Edited By Vijay, Updated: 29 Aug, 2026 12:52 PM

ऊना जिले के हरोली उपमंडल के अंतर्गत आते गांव बाथड़ी में एक 23 वर्षीय प्रवासी युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
टाहलीवाल (गौतम): ऊना जिले के हरोली उपमंडल के अंतर्गत आते गांव बाथड़ी में एक 23 वर्षीय प्रवासी युवक का शव रहस्यमयी परिस्थितियों में फंदे से फंदे से लटका हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक पेशे से मिस्त्री था और बाथड़ी में ही एक किराए के कमरे में रहता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बिलास कुमार (23) पुत्र मोहिंदर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव नजीरा, जिला मुंगेर (बिहार) का रहने वाला था। रोजी-रोटी कमाने के लिए वह वर्तमान में गांव बाथड़ी में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार टाहलीवाल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बाथड़ी में एक युवक ने फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित करने के लिए आरएफएसएल धर्मशाला की टीम को मौके पर बुलाया। फोरैंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
टाहलीवाल थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और मौके पर मौजूद गवाहों के बयानों के आधार पर ही नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें