Una: महिला से सोने की बालियां छीनने वाले 2 शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे, एक कांगड़ा तो दूसरा पंजाब से हुआ गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 11 Oct, 2026 12:15 PM

crim in una

ऊना जिले के उपमंडल गगरेट के दियोली गांव में एक महिला से सोने की बालियां छीनने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। गगरेट पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिमाचल प्रदेश और पंजाब के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार...

गगरेट (बृज/हनीश): ऊना जिले के उपमंडल गगरेट के दियोली गांव में एक महिला से सोने की बालियां छीनने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। गगरेट पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिमाचल प्रदेश और पंजाब के अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली है।

दियोली गांव में स्नैचिंग की वारदात के बाद गगरेट पुलिस हरकत में आई थी। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और संभावित एस्केप रूट्स के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान आरोपियों के पंजाब के तलवाड़ा की ओर भागने की फुटेज सामने आई। हालांकि, आगे का रास्ता स्पष्ट न होने पर एसएचओ रमेश चंद के नेतृत्व में पुलिस ने खुफिया नेटवर्क को सक्रिय किया। इनपुट मिला कि आरोपी पंजाब की सीमा से सटे हिमाचल के इलाकों में छिपे हो सकते हैं।

रणनीति के तहत पुलिस टीम ने शनिवार सुबह कांगड़ा जिले की जसवां-कोटला तहसील के बरनाली गांव में दबिश दी। यहां से पुलिस ने पहले आरोपी शिव कुमार (पुत्र राकेश कुमार) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और घटना के समय पहनी गई कमीज बरामद कर ली। शिव कुमार से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने पंजाब के होशियारपुर जिले (तलवाड़ा तहसील) के भंबो थार गांव में दबिश दी। यहां से दूसरे आरोपी अनुराग चौधरी उर्फ भोंगा को गिरफ्तार कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, अनुराग मूल रूप से कांगड़ा जिले के रिहाड़ी कुठेड़ा (जसवां-कोटला) का निवासी है।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गगरेट थाना लाया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने स्नैचिंग के दोनों आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। डीएसपी ने कहा कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। रिमांड के दौरान लूटी गई सोने की बालियों की बरामदगी की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले किसी अन्य लूट या चोरी की घटना में संलिप्त तो नहीं रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!