Himachal: जेपी नड्डा के आरोपों पर सुक्खू सरकार के मंत्रियों का पलटवार, बोले-पूर्व भाजपा सरकार में नीलाम हुए भर्ती पेपर

Edited By Vijay, Updated: 23 Jul, 2026 09:06 PM

sukhu government s ministers hit back at jp nadda s allegations

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल तथा कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। वीरवार को शिमला से जारी एक बयान में दोनों मंत्रियों ने कहा कि...

शिमला (ब्यूरो): स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल तथा कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। वीरवार को शिमला से जारी एक बयान में दोनों मंत्रियों ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में भर्ती पेपरों की मंडी सजी हुई थी और उस मंडी में पेपर खुलेआम नीलाम होते थे, जबकि तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोए रहे। मंत्रियों ने कहा कि पूर्व जयराम सरकार के कार्यकाल में पुलिस भर्ती का पेपर लीक हुआ और हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ चयन आयोग में खुलेआम भर्ती पेपरों की नीलामी होती रही, लेकिन एक भी दोषी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और अपने चहेतों को नौकरियां बांटी। धनीराम शांडिल और चंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के गठन के बाद पेपर लीक करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने युवाओं के साथ धोखा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है।

वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं 
मंत्रियों ने  कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ चयन आयोग को भंग कर उसके स्थान पर राज्य चयन आयोग का गठन किया। राज्य चयन आयोग के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ भर्ती परीक्षाएं आयोजित करवाई जा रही हैं और वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है। दोनों मंत्रियों ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नड्डा द्वारा हिमाचल के संदर्भ में पेपर लीक का मुद्दा उठाना भाजपा सरकार के पापों की याद दिलाता है, क्योंकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि तथ्यों के विपरीत बयान देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास उचित नहीं है। मंत्रियों ने कहा है कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक के सारे रिकॉर्ड टूटे और बेरोजगार युवाओं के साथ छल हुआ।

पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करनी चाहिए
मंत्रियों ने कहा है कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल में देश के विभिन्न हिस्सों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले सामने आए हैं। हाल ही में नीट परीक्षा से जुड़े विवादों ने भी देशभर के करोड़ों विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता पैदा की है। केंद्र सरकार को ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करनी चाहिए।

युवाओं पर बर्बरतापूर्वक किया लाठीचार्ज 
युवाओं पर बल प्रयोग की निंदा करते हुए मंत्रियों ने कहा है कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे युवाओं की आवाज को केंद्र सरकार दबाने का प्रयास कर रही है। इसी कारण उन पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया गया और प्रदर्शन में शामिल लड़कियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!