Shimla: ठेकेदारों को भुगतान न होने पर जयराम ने घेरी सुक्खू सरकार, लगाए गंभीर आरोप

Edited By Kuldeep, Updated: 21 Jul, 2026 07:08 PM

shimla contractor payment

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में ठेकेदार भुगतान नहीं मिलने पर तालाबंदी कर रहे हैं।

शिमला (ब्यूरो): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया है कि प्रदेश में ठेकेदार भुगतान नहीं मिलने पर तालाबंदी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताजा मामला बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र का है, जहां आईटीआई के नवनिर्मित भवन का भुगतान न होने पर ठेकेदार ने भवन में ताला लगाया है। जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी बयान में कहा कि हैरानी की बात है कि इस भवन का उद्घाटन मार्च, 2024 में मुख्यमंत्री कर चुके हैं। ऐसे में भवन का उद्घाटन होने के बाद शैक्षणिक कार्य शुरू नहीं हो पाया।

ऐसे में क्या सिर्फ दिखावे के लिए पट्टिका लगाई गई थी। उन्होंने कहा कि भवन पर ठेकेदार द्वारा ताला मारने की घटना से सारे झूठ बेनकाब हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है, जब ऐसी घटनाएं सामने आई हों। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ अटकाने, लटकाने और भटकाने का खेल खेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पहली बार ट्रेजरी व्हाट्सएप से चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदारों के भुगतान को लेकर एक अलग ही लॉबी काम कर रही है, जो भुगतान के लिए अलग-अलग तरह की शर्तें और प्रलोभन रख रही है।

बिंदल, सुखराम, आशीष व होशियार को निशाना बना रही सरकार : राकेश
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया है कि राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, पूर्व मंत्री व विधायक सुखराम चौधरी, विधायक आशीष शर्मा और पूर्व विधायक होशियार सिंह के खिलाफ मामले बनाकर निशाना बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके अलावा कई भाजपा नेताओं व कार्यकर्त्ताओं पर मुकद्दमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस प्रकार की प्रतिशोधात्मक राजनीति से डरने वाली नहीं है।

गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान : बिंदल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा है कि पार्टी की तरफ से गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर 29 जुलाई से 20 फरवरी, 2027 तक प्रदेशभर में समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में 17 सदस्यीय प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया गया है, जिसकी कमान सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डा. सिकंदर कुमार को सौंपी गई है।

डा. राजीव बिंदल ने शिमला से जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्हेांने कहा कि प्रदेश टोली में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पवन काजल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व मंत्री डा. राजीव सहजल, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा, प्रियंता शर्मा और सुमित शर्मा, समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुनीष चौहान, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री अजय कबीर, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व विधायक बलवीर चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बलवीर बग्गा, जिला प्रभारी नितेन कुमार, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रंजू रस्तोगी, महिला मोर्चा की प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक सीमा कन्याल तथा महिला मोर्चा की प्रदेश आईटी सह संयोजक शीतल भारद्वाज को शामिल किया गया है। इसे लेकर 25 जुलाई को शिमला स्थित प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जबकि 27 और 28 जुलाई को सभी जिलों में कार्यशालाएं एवं योजना बैठकें आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा अभियान के प्रथम चरण में 29 जुलाई को समरसता दीप महोत्सव आयोजित किया जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!