Edited By Jyoti M, Updated: 23 Apr, 2026 03:18 PM

कुल्लू जिला की मनाली पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने न केवल चोरी हुई ऑल्टो कार को बरामद किया है, बल्कि इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को भी धर दबोचा है। वॉल्वो बस स्टैंड से गायब हुई थी।
मनाली (संजीव जैन)। कुल्लू जिला की मनाली पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने न केवल चोरी हुई ऑल्टो कार को बरामद किया है, बल्कि इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को भी धर दबोचा है। वॉल्वो बस स्टैंड से गायब हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, वशिष्ठ निवासी चाँदनी ठाकुर ने मनाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 मार्च 2026 को उनके पति ने अपनी ऑल्टो K10 (HP-02K-2427) सुबह करीब 7:30 बजे मनाली के वॉल्वो बस स्टैंड पर पार्क की थी।
जब वे करीब दो घंटे बाद वापस लौटे, तो कार वहां से गायब थी। स्थानीय स्तर पर काफी खोजबीन के बाद अंततः पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलने पर मनाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाया और 22 अप्रैल 2026 को चोरीशुदा वाहन को मंडी जिला के नेरचौक से बरामद करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने इस मामले में 25 वर्षीय आरोपी प्रकाश, पुत्र श्याम लाल, निवासी गांव छोल, तहसील चच्योट (मंडी) को गिरफ्तार किया है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक कुल्लू, मदन लाल ने बताया कि पुलिस टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस गुत्थी को सुलझाया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वह किसी अन्य चोरी की वारदातों में भी शामिल रहा है। एसपी ने पुलिस टीम की मुस्तैदी की सराहना की और जनता से अपने वाहनों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की।