Edited By Kuldeep, Updated: 18 Oct, 2026 05:59 PM

जिला पुलिस ने 12 वर्षीय बालिका से कथित दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए उसके 48 वर्षीय पिता को गिरफ्तार किया है।
कुल्लू (शम्भू): जिला पुलिस ने 12 वर्षीय बालिका से कथित दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए उसके 48 वर्षीय पिता को गिरफ्तार किया है। पीड़िता एवं आरोपी दोनों जिला मंडी के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार 14 अक्तूबर को इस संबंध में पुलिस थाना गोहर जिला मंडी में जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसे कानूनी कार्रवाई के लिए ऑनलाइन सीसीटीएनएस पोर्टल के माध्यम से कुल्लू जिला के एक पुलिस थाना को स्थानांतरित किया।
प्रारंभिक अन्वेषण के अनुसार बालिका उपचार के लिए मंडी जिला के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गई थी। जहां उसने संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी को कथित घटना के बारे में बताया। इसके पश्चात 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई, जिस पर मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से तीन दिन का पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त कर आरोपी से पूछताछ की गई। अन्वेषण के दौरान आरएफएसएल मंडी की विशेषज्ञ टीम एवं अन्वेषण अधिकारी द्वारा मामले से संबंधित भौतिक एवं रासायनिक साक्ष्यों को संरक्षित किया गया। अब न्यायालय ने आरोपी को 27 अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जिला कुल्लू पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसपी अभिषेक सेकर ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की पुष्टि की है।