Edited By Vijay, Updated: 12 May, 2026 02:20 PM

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ली है। क्षेत्र की पवित्र स्थली श्री मणिमहेश सहित आसपास की सभी ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर ताजा हिमपात हुआ है।
भरमौर (उत्तम): हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र भरमौर में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट ली है। क्षेत्र की पवित्र स्थली श्री मणिमहेश सहित आसपास की सभी ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर ताजा हिमपात हुआ है। वहीं, निचले इलाकों में जोरदार बारिश दर्ज की गई है। बारिश और बर्फबारी के इस दौर के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे समूचे इलाके में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है।
लंबे समय से बारिश न होने के कारण क्षेत्र में सूखे जैसे हालात बन रहे थे। बारिश के अभाव में किसानों को मक्की, राजमाह जैसी प्रमुख नकदी फसलों की बिजाई करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में यह ताजा बारिश किसानों के लिए संजीवनी बनकर आई है। स्थानीय किसानों और बागवानों का कहना है कि यह झमाझम बारिश गेहूं, मटर और जौ जैसी फसलों के लिए किसी वरदान से कम नहीं साबित होगी। बारिश के कारण खेतों में पर्याप्त नमी लौट आई है, जिससे अब आगामी फसलों की बिजाई का कार्य सुचारू और तेजी से हो सकेगा।
तापमान में एकाएक आई इस गिरावट के बाद लोगों को एक बार फिर से गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है और हीटर-तंदूर फिर से सुलगने लगे हैं। दूसरी ओर ऊंचाई वाले क्षेत्रों और श्री मणिमहेश की पहाड़ियों पर बिछी सफेद बर्फ की चादर ने भरमौर के प्राकृतिक सौंदर्य में चार चांद लगा दिए हैं, जिससे घाटियों का नजारा और भी मनमोहक हो गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें