Himachal: रोहतांग, हाटू पीक समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, शून्य से नीचे लुढ़का केलांग का पारा

Edited By Vijay, Updated: 25 Oct, 2026 06:30 PM

snowfall in hatu peak

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिसके चलते समूचे राज्य में कड़ाके की ठंड का आगाज हो गया है। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है।

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिसके चलते समूचे राज्य में कड़ाके की ठंड का आगाज हो गया है। प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। नारकंडा के प्रसिद्ध हाटू पीक, कुल्लू के रोहतांग दर्रे और अटल टनल के आसपास के इलाकों सहित किन्नौर के छितकुल तथा चम्बा जिले के पांगी व भरमौर की ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इस ताजा हिमपात से प्रदेशभर के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

माइनस 2.2 डिग्री के साथ केलांग सबसे सर्द
बर्फबारी और ठंडी हवाओं के कारण जनजातीय इलाकों में पारा जमाव बिंदु से नीचे लुढ़क गया है। लाहौल-स्पीति जिले का मुख्यालय केलांग राज्य में सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात रही। इसके अलावा लाहौल के ही कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 1.1 डिग्री और किन्नौर के कल्पा में 2.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

अक्तूबर में सामान्य से 21 फीसदी अधिक बारिश
बारिश के आंकड़ों की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान सिरमौर के पांवटा साहिब में सर्वाधिक 5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अतिरिक्त मंडी के मुरारी देवी में 2.8 मिलीमीटर, चम्बा के भरमौर में 1.4 मिलीमीटर और शिमला के कोटखाई में 1.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार 1 से 25 अक्तूबर तक राज्य में कुल मिलाकर सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है।

कांगड़ा में मेहरबान, सिरमौर-किन्नौर में रूठे बादल
अक्तूबर माह में बारिश का वितरण जिलों के अनुसार असमान रहा है। कांगड़ा जिले में सामान्य से 123 फीसदी अधिक बारिश हुई है, जो राज्य में सर्वाधिक है। इसके विपरीत किन्नौर और सिरमौर जिलों में सूखे जैसे हालात रहे; किन्नौर में सामान्य से 41 प्रतिशत और सिरमौर में 40 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

दिवाली पर फिर बदलेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार, 26 से 29 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क बना रहेगा। हालांकि, दीवाली के आसपास मौसम फिर करवट ले सकता है। 30 और 31 अक्तूबर को एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से राज्य के ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में एक बार फिर हल्की बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!