Edited By Swati Sharma, Updated: 20 Oct, 2026 09:54 AM

हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति जिले में सोमवार को तांडी गांव के पास एक वाहन के चंद्रभागा नदी में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
Himachal Road Accident : हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति जिले में सोमवार को तांदी गांव के पास एक वाहन के चंद्रभागा नदी में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वहीं, इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हुंडई आई-20 कार में सवार लोग कुठाड़ (तांदी) गांव से शादी समारोह में शामिल होने के लिए सलग्रां गांव की ओर जा रहे थे। गाड़ी में 6 व्यक्ति सलग्रां और एक व्यक्ति भुजंड गांव का सवार था। गाड़ी जब स्टेट हाईवे (एसएच-26) मार्ग पर वीर मंदिर तांदी के समीप पहुंची तो एक तीखे मोड़ पर चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे चंद्रभागा नदी के किनारे जा गिरी। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना मिलते ही तांदी पुलिस चौकी और उदयपुर पुलिस थाना की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से 4 घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया गया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मृतकों की पहचान शिव कुमार पुत्र रूप सिंह, अजय पुत्र रूप सिंह तथा कार्तिक पुत्र जारम चंद सभी निवासी शालग्रां के रूप में हुई है। हादसे में घायल पुष्पेंद्र (चालक) पुत्र अमर नाथ निवासी भुजुंड, रोहित पुत्र मदन लाल, समीर पुत्र राम किशन व विवेक पुत्र देवी सिंह सभी निवासी शालग्रां का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर में चल रहा है। डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा चालक की लापरवाही के कारण प्रतीत हो रहा है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें