Shimla: चोटियों पर ताजा बर्फबारी, ठंड का प्रकोप बढ़ा, 2 जिलों में कोहरे का अलर्ट

Edited By Kuldeep, Updated: 08 Dec, 2025 09:19 PM

shimla weather cold

राज्य की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों विशेषकर लाहौल-स्पीति और किन्नौर के पर्वतीय दर्रों में रविवार रात्रि और सोमवार सुबह ताजा बर्फबारी हुई है।

शिमला (संतोष): राज्य की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों विशेषकर लाहौल-स्पीति और किन्नौर के पर्वतीय दर्रों में रविवार रात्रि और सोमवार सुबह ताजा बर्फबारी हुई है। इससे इन इलाकों में ठंड का प्रकोप और बढ़ गया है। विश्व-विख्यात रोहतांग दर्रा सफेद चादर में लिपटा दिखाई दिया। यहां हल्की बर्फबारी का दौर जारी है। बर्फबारी और फिसलन को देखते हुए 428 किलोमीटर लंबा लेह-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-3 सोमवार से वाहनों की आवाजाही के लिए आधिकारिक रूप से बंद कर दिया गया है। यह राजमार्ग अगले वर्ष गर्मियों में दर्रों से बर्फ हटने के बाद ही दोबारा खोला जाएगा।

लद्दाख को हिमाचल से जोड़ने वाला यह मार्ग सेना, आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई, पर्यटन और स्थानीय आवागमन का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण कनैक्टिव मार्ग है। मनाली शहर, सोलंग घाटी और आसपास के गांवों में आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जबकि पर्यटक शिमला और मनाली में इस मौसम की पहली बड़ी बर्फबारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। हालांकि परंपरागत रूप से शिमला में दिसम्बर के दूसरे-तीसरे सप्ताह में बर्फ गिरती है। रविवार रात्रि कुछ जगहों पर तेज हवाएं चली।

प्रदेश में पिछले लगभग एक महीने से सूखा पड़ा है, जिससे कृषि और जलस्रोतों पर असर पड़ा है। ऊंचे इलाकों में तापमान के शून्य के नीचे पहुंचने से प्राकृतिक जलस्त्रोत, नालों और झरनों में पानी जम गया है। सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति जिला के कुकुमसेरी में माइनस 6.2 डिग्री सैल्सियस और ताबो में माइनस 1.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जबकि केलांग में भी न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे माइनस में चला हुआ है।

मैदानी जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है और सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। शिमला सहित मैदानी जिलों के अनेक स्थानों में सोमवार सुबह से धूप खिली, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड के बीच थोड़ी राहत पाई है। अधिकतम तापमान में भी उछाल आया है। बरठी में अधिकतम तापमान 25.4, ऊना में 24.8 व शिमला में 17.4 डिग्री दर्ज किया गया है।

बिलासपुर व मंडी में दो दिन घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले दो दिनों यानी 9 और 10 दिसम्बर के लिए बिलासपुर और मंडी में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है, जिसके चलते यातायात में बाधा और दृश्यता कम होने की संभावना जताई गई है। पूरे प्रदेश में 14 दिसम्बर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!