Edited By Kuldeep, Updated: 14 Sep, 2026 09:01 PM

हिमाचल में इस मानसून सीजन में भारी तबाही देखने को मिली है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार राज्य को लगभग 1683.94 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है।
शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में इस मानसून सीजन में भारी तबाही देखने को मिली है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार राज्य को लगभग 1683.94 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। इसमें लोक निर्माण विभाग को 1,23,159.32 लाख और जल शक्ति विभाग को 36,868.06 लाख की संपत्ति का नुक्सान शामिल है। आपदाओं और हादसों के कारण कुल 303 लोगों की जान जा चुकी है, जिसमें भूस्खलन, बाढ़ जैसी आपदाओं से 123 मौतें और सड़क दुर्घटनाओं में 180 मौतें शामिल हैं। 525 लोग घायल हुए हैं तथा 4 लोग लापता हैं। प्रदेश में 129 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और 502 मकानों को आंशिक नुक्सान पहुंचा है। बारिश-बाढ़ के कारण 1,212 पशुओं की मौत हुई है। प्रदेशभर में कुल 55 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। राहत की बात यह है कि कोई भी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं है। पूरे राज्य में केवल 7 ट्रांसफार्मर ठप्प हैं। 19 जल आपूर्ति योजनाएं प्रभावित हैं।
प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। नाहन में 5, पंडोह व कसौली में 3-3, निचार, पच्छाद, पांवटा, धर्मशाला, सराहन, शिलारू, सोलन, चुवाड़ी और नंगल बांध में 2-2, कोठी, कुफरी, ऊना, जोगिंद्रनगर, गुलेर व धर्मपुर में 1-1 सैंटीमीटर बारिश हुई। सोमवार दिन के समय अधिकांश भागों में मौसम साफ रहा, हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई, जिसमें पालमपुर में 3.5, कांगड़ा में 2.4, धौलाकुआं में 1.5 मिलीमीटर बारिश हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश के मौसम का मिजाज हल्का बना रहेगा। 14 से 17 सितम्बर तक मैदानी, निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने के आसार हैं, हालांकि कोई भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 18 से 20 सितम्बर को बारिश की गतिविधियों में और कमी आएगी तथा केवल एक-दो स्थानों पर ही हल्की बारिश होने का अनुमान है। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सैल्सियस तक की धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है।