Edited By Kuldeep, Updated: 21 Jul, 2026 05:19 PM

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के सतत् प्रयासों से प्रदेश के ऑल इंडिया टूरिस्ट टैक्सी ऑप्रेटरों की वर्षों पुरानी महत्वपूर्ण मांग पूरी हो गई है।
शिमला (ब्यूरो): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के सतत् प्रयासों से प्रदेश के ऑल इंडिया टूरिस्ट टैक्सी ऑप्रेटरों की वर्षों पुरानी महत्वपूर्ण मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र सरकार के समक्ष लगातार टैक्सी ऑप्रेेटरों की मांगों का मामला उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाहनों की परिचालन अवधि को 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष कर दिया गया है। इस निर्णय से प्रदेश के हजारों टैक्सी संचालकों को बड़ी राहत मिलेगी और पर्यटन एवं परिवहन क्षेत्र भी सशक्त होंगे। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पर्यटन प्रधान राज्य में हजारों परिवार टैक्सी संचालन कर अपनी आजीविका अर्जित करते हैं।
वाहन संचालक परिचालन अवधि बढ़ाने की निरंतर मांग कर रहे थे, जिसे उन्होंने केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाया। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष इस विषय को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया और वाहन संचालकों की व्यावहारिक कठिनाइयों से अवगत करवाया। केंद्र सरकार द्वारा नियमों में संशोधन किए जाने के पश्चात प्रदेश सरकार ने भी इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा आवश्यक आदेश जारी करने के साथ-साथ विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया एसओपी भी अधिसूचित कर दी गई है।