Edited By Kuldeep, Updated: 13 Aug, 2026 05:27 PM

रक्षाबंधन से पहले हिमाचल के राशन डिपुओं में सस्ती चीनी मिलने का इंतजार कर रहे लाखों उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने डिपुओं में चीनी का कोटा उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
शिमला (राजेश): रक्षाबंधन से पहले हिमाचल के राशन डिपुओं में सस्ती चीनी मिलने का इंतजार कर रहे लाखों उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। प्रदेश सरकार ने डिपुओं में चीनी का कोटा उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम ने 35,600 क्विंटल चीनी का सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद चीनी की आपूर्ति का ऑर्डर हरियाणा शूगर फैडरेशन को दिया है। सप्लाई ऑर्डर जारी होने के बाद चीनी की खेप प्रदेश के होलसेल गोदामों में पहुंचनी शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में पूरी खेप मिलने के बाद इसे राशन डिपुओं तक भेजा जाएगा। उसके बाद इसी महीने उपभोक्ताओं को चीनी का करंट कोटा उपलब्ध करवाने की तैयारी है। रक्षाबंधन के त्यौहार को देखते हुए डिपुओं में चीनी पहुंचने से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
13 रुपए प्रति किलो चीनी, लाखों परिवारों को फायदा
उचित मूल्य की दुकानों में पात्रता के अनुसार उपभोक्ताओं को रियायती दरों पर चीनी उपलब्ध करवाई जाती है। अंत्योदय अन्न योजना प्राथमिकता वाले परिवार और बीपीएल परिवारों को 13 रुपए प्रति किलो की दर से चीनी मिलती है। वहीं एपीएल परिवारों को 33 रुपए और एपीएल टैक्सपेयर उपभोक्ताओं को 48 रुपए प्रति किलो की दर से चीनी उपलब्ध करवाई जाती है। प्रदेश में वर्तमान में 5,420 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को सस्ता राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के महाप्रबंधक अरविंद शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार से मंजूरी मिलने के बाद चीनी का सप्लाई ऑर्डर जारी कर दिया गया है। इसके तहत होलसेल गोदामों में चीनी पहुंचनी शुरू हो गई है। आगे इसे उचित मूल्य की दुकानों तक भेजकर उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाया जाएगा।