Edited By Kuldeep, Updated: 05 Nov, 2026 07:05 PM

हिमाचल में जनसंख्या जनगणना का शैड्यूल जारी कर दिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से अधिसूचना जारी की है।
शिमला (राक्टा): हिमाचल में जनसंख्या जनगणना का शैड्यूल जारी कर दिया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से अधिसूचना जारी की है। मुख्य सचिव के.के. पंत के आदेशानुसार जारी की गई अधिसूचना के तहत प्रदेश भर में जनगणना का काम 10 जनवरी 2027 से शुरू होकर मार्च 2027 के पहले सप्ताह तक पूरा किया जाएगा। भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त द्वारा जारी गजट नोटिफिकेशन को राज्य राजपत्र में पुनः प्रकाशित करते हुए प्रदेश सरकार ने पूरे कार्यक्रम की घोषणा की है। अधिसूचना के मुताबिक जनगणना के मुख्य चरण से पहले आम जनता को स्व-गणना का विकल्प दिया जाएगा। इसके तहत नागरिक 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक डिजिटल माध्यम से अपने परिवार की जानकारी खुद दर्ज कर सकेंगे।
इसके तुरंत बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना की प्रक्रिया पूरी करेंगे। अंत में 1 मार्च से 5 मार्च 2027 के बीच पुनरीक्षण दौर (रिविजन राउंड) चलाया जाएगा। जनगणना का कार्य सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए राज्य, जिला और तहसील स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। राज्य के सभी मण्डलायुक्तों, उपायुक्तों (डीसी) और अतिरिक्त उपायुक्तों (एडीसी) को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रधान व जिला जनगणना अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा धर्मशाला, मंडी, पालमपुर, सोलन, बद्दी, हमीरपुर और ऊना के नगर आयुक्तों तथा सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को चार्ज जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है।
3 जिलों को जारी शैड्यूल से बाहर रखा गया
अधिसूचना में किन्नौर, लाहुल-स्पीति और शिमला जिले के अधिकारियों को इस जारी शैड्यूल से बाहर रखा गया है। जनवरी और फरवरी में इन उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी और रास्ते बंद होने के कारण घर-घर सर्वे संभव नहीं होता। ऐसे में इन क्षेत्रों के लिए अनुकूल मौसम के हिसाब से अलग से समय-सीमा जारी की जाएगी।