Edited By Kuldeep, Updated: 07 Jun, 2026 07:41 PM

एचआरटीसी के हजारों पैंशनर्ज के लिए राहत भरी खबर है। अब पैंशनर्ज को माह की 7 से 10 तारीख के बीच पैंशन मिलेगी।
शिमला (राजेश): एचआरटीसी के हजारों पैंशनर्ज के लिए राहत भरी खबर है। अब पैंशनर्ज को माह की 7 से 10 तारीख के बीच पैंशन मिलेगी। पैंशनर्ज की मांगों व उनकी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से रविवार के दिन एचआरटीसी पैंशनर्ज ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने बैठक की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पैंशन का भुगतान हर माह निर्धारित तिथि पर समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी एचआरटीसी पैंशनर्ज को प्रत्येक माह की 7 से 10 तारीख के बीच पैंशन प्रदान की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार हर माह 23 करोड़ रुपए की ग्रांट उपलब्ध करवाएगी। बैठक में प्रधान सचिव देवेश कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार, एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डा. निपुण जिंदल और ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सचिव राजेंद्र ठाकुर, देवराज ठाकुर, बृज लाल ठाकुर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समय पर पैंशन मिलने से काफी हद तक परेशानियां होंगी कम
इस मौके पर पैंशनर्ज ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में एचआरटीसी पैंशनर्ज को पैंशन प्राप्त करने के लिए दो से तीन माह तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे उन्हें वित्तीय कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि समय पर पैंशन के भुगतान से उनकी परेशानियां काफी हद तक कम होंगी।
प्रबंधन को मुख्यमंत्री ने जारी किए निर्देश
बैठक के दौरान मुुख्यमंत्री एचआरटीसी प्रबंधन को निर्देश दिए कि अक्तूबर 2025 के बाद सेवानिवृत्त हुए उन कर्मचारियों को शीघ्र पैंशन लाभ प्रदान किए जाएं, जिनकी पैंशन अभी तक शुरू नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पैंशन सेवानिवृत्त कर्मचारियों का वैधानिक अधिकार है और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने एचआरटीसी के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों के निपटारे के लिए 20 करोड़ रुपए जारी करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि एचआरटीसी को प्रतिवर्ष लगभग 1,500 करोड़ रुपए प्राप्त होते हैं जिनमें लगभग 800 करोड़ रुपए निगम की आय और 720 करोड़ रुपए राज्य सरकार से ग्रांट के रूप में प्राप्त होते हैं।