अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कूटनीति के मोर्चे पर केंद्र सरकार रही पूरी तरह विफल : विक्रमादित्य

Edited By Kuldeep, Updated: 02 May, 2026 10:11 PM

shimla international level diplomacy central government failed

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने एलपीजी कमर्शियल सिलैंडर के दाम में बढ़ौतरी पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।

शिमला (भूपिन्द्र): लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने एलपीजी कमर्शियल सिलैंडर के दाम में बढ़ौतरी पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह बढ़ौतरी पहले से तय थी, लेकिन इसे राजनीतिक कारणों से रोका गया था। जैसे ही विभिन्न राज्यों में चुनाव प्रक्रिया समाप्त हुई, उसके तुरंत बाद कीमतें बढ़ा दी गईं। शनिवार को शिमला में मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कूटनीति के मोर्चे पर सरकार पूरी तरह विफल रही है। सस्ता कच्चा तेल उपलब्ध होने के बावजूद उसे नहीं खरीदा जा रहा, जिससे एलपीजी समेत अन्य ईंधनों की कीमतें बढ़ रही हैं।

उन्होंने विदेश नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इसके चलते देश की आर्थिकी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बिटुमेन की कीमतें तीन गुना तक बढ़ चुकी हैं, जिससे सड़क निर्माण और टारिंग कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के आधार पर उन्होंने बताया कि इससे प्रदेश पर करीब 70 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है। प्रदेश सरकार ने इस संबंध में केंद्र सरकार से पत्राचार कर अतिरिक्त वित्तीय भार वहन करने का आग्रह किया है। मंत्री ने कहा कि पार्टी शहरी निकाय चुनावों को पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।

राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों से किया सीधा संवाद
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत राहुल गांधी ने हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के जिला अध्यक्षों से सीधे मुलाकात कर संवाद किया। मंत्री ने कहा कि यह तुलना का विषय नहीं है, लेकिन उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर औपचारिक दौरे कर लौट जाते हैं, जबकि राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों से सीधा संवाद किया।

एग्जिट पोल पर उठाए सवाल
पांच राज्यों के एग्जिट पोल पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि पहले भी कई बार एग्जिट पोल गलत साबित हुए हैं। साथ ही चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि कई जगहों पर दोबारा मतदान कराना पड़ा, जो चिंता का विषय है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!