Edited By Vijay, Updated: 01 Jul, 2026 05:36 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने हजारों छात्रों को बड़ी राहत देते हुए कई अहम शैक्षणिक फैसले लिए हैं। सबसे बड़ा फैसला बीएड के उन विद्यार्थियों के लिए है, जिनकी डिग्री किन्हीं कारणों से अधूरी रह गई थी। विश्वविद्यालय ने ऐसे छात्रों को अपनी...
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने हजारों छात्रों को बड़ी राहत देते हुए कई अहम शैक्षणिक फैसले लिए हैं। सबसे बड़ा फैसला बीएड के उन विद्यार्थियों के लिए है, जिनकी डिग्री किन्हीं कारणों से अधूरी रह गई थी। विश्वविद्यालय ने ऐसे छात्रों को अपनी डिग्री पूरी करने का एक विशेष अवसर (स्पेशल चांस) प्रदान किया है। इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर में पीएचडी में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग और पीजी कोर्सेज के नतीजों को लेकर भी महत्वपूर्ण अधिसूचनाएं जारी की गई हैं।
20 हजार रुपए प्रति सैमेस्टर होगी फीस
विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद से स्वीकृति मिलने के बाद बुधवार को एचपीयू के रजिस्ट्रार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत शैक्षणिक सत्र 2015-16 से लेकर 2017-18 तक के बीएड विद्यार्थी अपनी अधूरी डिग्री पूरी कर सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थियों को 20 हजार रुपए प्रति सैमेस्टर की फीस अदा करके आवेदन करना होगा। विश्वविद्यालय प्रबंधन के अनुसार ईवन (सम) सैमेस्टरों की परीक्षाएं इसी साल जुलाई माह में आयोजित करवाई जाएंगी, जबकि ऑड (विषम) सैमेस्टरों की परीक्षाएं नवम्बर/दिसम्बर माह में होंगी।
10 जुलाई तक बिना विलंब शुल्क के भरें परीक्षा फॉर्म
बीएड की डिग्री पूरी करने के लिए मिले इस स्पेशल चांस के तहत ईवन सैमेस्टर की परीक्षाओं में बैठने के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पात्र उम्मीदवार आगामी 10 जुलाई तक बिना किसी विलंब शुल्क के अपना परीक्षा फॉर्म भर सकते हैं। तय समय सीमा के बाद फॉर्म भरने वाले विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के नियमों के अनुसार विलंब शुल्क वसूला जाएगा।
32 विभागों में पीएचडी की 502 सीटों के लिए काऊंसलिंग शुरू
एचपीयू के 32 शैक्षणिक विभागों में पीएचडी की कुल 502 सीटें (नियमित और पार्ट-टाइम) भरने के लिए भी काऊंसलिंग का दौर शुरू हो गया है। विभिन्न विभागों द्वारा जारी किए गए पूर्व निर्धारित शैड्यूल के मुताबिक काऊंसलिंग प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। इसके अलावा कई अन्य विषयों में पीएचडी प्रवेश के लिए काऊंसलिंग आगामी दिनों में शुरू होगी। इसी कड़ी में पीएचडी कॉमर्स (वाणिज्य) विषय की काऊंसलिंग 2 व 3 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
एमए अंग्रेजी का परिणाम घोषित, एमएससी की काऊंसलिंग 7 जुलाई को
विश्वविद्यालय ने एमए अंग्रेजी की प्रवेश परीक्षा का परिणाम भी घोषित कर दिया है। छात्र अपना विस्तृत परीक्षा परिणाम एचपीयू की आधिकारिक वैबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं। इसके साथ ही एमएससी प्रथम सैमेस्टर में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय ने कट-ऑफ जारी कर दी है। एमएससी में प्रवेश के लिए काऊंसलिंग 7 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें