Edited By Kuldeep, Updated: 25 Aug, 2026 06:22 PM

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में चल रहे बीएड कोर्स में प्रवेश मंगलवार से काऊंसलिंग प्रक्रिया शुरू हुई।
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के सैंटर फॉर डिस्टैंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) में चल रहे बीएड कोर्स में प्रवेश मंगलवार से काऊंसलिंग प्रक्रिया शुरू हुई। काऊंसलिंग के पहले दिन मैडीकल, नॉन मैडीकल व कॉमर्स संकाय की सीटों को भरने के लिए काऊंसलिंग हुई। इस दौरान कुल 75 सीटों में से 68 सीटें भरी। सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए मैडीकल संकाय की काऊंसलिंग सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक नॉन मैडीकल संकाय की दोपहर 12 से 2 बजे तक और कॉमर्स संकाय की काऊंसलिंग दोपहर 2.30 से शाम 5 बजे तक चली। अब काऊंसलिंग का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहेगा और आर्ट्स संकाय के लिए काऊंसलिंग अमल में लाई जाएगी, जिसमें सभी वर्गों के 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। काऊंसलिंग 27 अगस्त के बाद 1 सितम्बर को भी आयोजित होगी।
स्नातकोत्तर स्तर के कोर्सिज की परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने का सिलसिला जारी
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने मंगलवार को भी स्नातकोत्तर स्तर के कोर्सिज की परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने का सिलसिला जारी रखा। इसके तहत एम.एससी. बॉटनी चौथे सैमेस्टर का परीक्षा परिणाम 80.72 प्रतिशत, एम.एससी. जियोलॉजी चौथे सैमेस्टर का परिणाम 100 प्रतिशत, एमबीए (रूरल डिवैल्पमैंट) चौथे सैमेस्टर का परीक्षा परिणाम 96.77 प्रतिशत तथा एमए (रूरल डिवैल्पमैंट) चौथे सैमेस्टर का परिणाम 90.48 प्रतिशत रहा। जारी परिणामों में रि-अपीयर मामलों को भी पास प्रतिशत में शामिल किया गया है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने कहा कि विद्यार्थी अपने संबंधित आईडी के माध्यम से परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।