शिमला के रिज मैदान पर कांग्रेस का लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह, चरखा चलाकर BJP-RSS पर साधा निशाना

Edited By Vijay, Updated: 30 Jun, 2026 05:47 PM

satyagraha to save democracy

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन द्वारा मंगलवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह का आयोजन किया गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष आयोजित इस शांतिपूर्ण सत्याग्रह का नेतृत्व संगठन के...

शिमला (राक्टा): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन द्वारा मंगलवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह का आयोजन किया गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष आयोजित इस शांतिपूर्ण सत्याग्रह का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार ने किया। इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों, भाजपा-आरएसएस के प्रभाव और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर कड़ा प्रहार किया गया। सत्याग्रह के दौरान राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि देते हुए एक प्रतीकात्मक विरोध दर्ज किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील पंवार, राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. संजय और प्रदेश संयोजक सचिन मिरूपा ने रिज मैदान पर चरखा चलाकर देश में सत्य, अहिंसा और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया।

भाजपा-आरएसएस के दबाव में हैं संवैधानिक संस्थाएं : डॉ. पंवार
मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. सुनील पंवार ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने सीधा निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देश की अनेक संवैधानिक संस्थाओं पर अपना प्रभाव स्थापित कर लिया है, जिससे उनकी स्वायत्तता खत्म हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार को हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल करार दिया।

चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल
डॉ. पंवार ने निर्वाचन आयोग को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना आयोग की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, लेकिन मौजूदा हालात इसके विपरीत हैं उन्होंने मध्य प्रदेश का उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में वहां कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन के निर्वाचन संबंधी नामांकन पत्र को चुनाव अधिकारियों द्वारा निरस्त कर दिया गया। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसे फैसलों से चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

गांव-गांव तक पहुंचेगा राहुल गांधी का संदेश
डॉ. पंवार ने ऐलान किया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में देश भर में जो 'लोकतंत्र और संविधान की रक्षा' का अभियान चलाया जा रहा है, उसे राजीव गांधी पंचायती राज संगठन अब गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएगा। उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि वे महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और संवैधानिक मूल्यों के मार्ग पर चलें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को बचाने के लिए अब देश की जनता को एकजुट होकर आगे आना होगा।

 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!