Una: शादी से 2 दिन पहले लापता युवती के मामले में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज

Edited By Vijay, Updated: 10 May, 2026 10:30 AM

rape case registered against accused in case of missing girl

शादी से महज दो दिन पहले युवती के अचानक लापता होने के चर्चित मामले में शनिवार को बड़ा कानूनी मोड़ आ गया। कोर्ट में युवती के बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ कथित दुष्कर्म की संगीन धारा भी जोड़ दी है।

अम्ब (अश्विनी): शादी से महज दो दिन पहले युवती के अचानक लापता होने के चर्चित मामले में शनिवार को बड़ा कानूनी मोड़ आ गया। कोर्ट में युवती के बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ कथित दुष्कर्म की संगीन धारा भी जोड़ दी है। जानकारी के अनुसार 5 मई को युवती के परिजनों ने थाना अम्ब में शिकायत दर्ज करवाई थी कि साथ लगते गांव का एक युवक उसे शादी की नीयत से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

मामला उस समय और अधिक संवेदनशील हो गया जब सामने आया कि आरोपी युवक कथित रूप से विशेष समुदाय से संबंध रखता है तथा उसकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व हो चुकी है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तकनीकी निगरानी और अन्य माध्यमों का सहारा लेते हुए सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की और 24 घंटे के भीतर पंजाब के लुधियाना से युवती को बरामद कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने दोनों का मेडिकल परीक्षण भी करवाया। सूत्रों के अनुसार कोर्ट में दर्ज करवाए गए बयानों में युवती ने आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि आरोपी ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसाकर कथित रूप से शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 87 के साथ धारा 69 भी जोड़ दी, जो शादी का झांसा देकर बनाए गए यौन संबंधों से संबंधित है।

डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि आरोपी फिलहाल 4 दिन के पुलिस रिमांड पर है तथा पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। बीएनएस की धारा 87 के तहत किसी महिला को जबरन शादी या यौन शोषण के उद्देश्य से अगवा करने पर 10 वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है जबकि धारा 69 के तहत शादी का झूठा वायदा कर बनाए गए शारीरिक संबंधों पर भी 10 वर्ष तक की कैद हो सकती है।

घटना से 4 परिवार सदमे में
उल्लेखनीय है कि युवती की शादी गत वीरवार को तय थी और दोनों परिवारों में विवाह की तैयारियां चल रही थीं लेकिन अचानक हुए इस घटनाक्रम ने युवती के परिवार, होने वाले दूल्हे के परिवार, आरोपी युवक के घर तथा उसके ससुराल सहित चारों परिवारों को सदमे में डाल दिया है। मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया था जब गत दिनों अम्ब थाना के बाहर आरोपी युवक की पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों का आरोपी के परिजनों से आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण बन गया। स्थिति हाथापाई तक पहुंचने लगी थी लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर माहौल को शांत करवा दिया। फिलहाल पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!