Edited By Kuldeep, Updated: 05 Aug, 2026 03:37 PM

थाना अम्ब के तहत पन्जोआ लिंक रोड पर पड़ते कटौहड़ कलां में एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
अम्ब (अश्विनी): थाना अम्ब के तहत पन्जोआ लिंक रोड पर पड़ते कटौहड़ कलां में एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हुई, जिसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार कटौहड़कलां में रास्ते में पीपल के पेड़ के पास सड़क पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला। मंगलवार देर रात अपने निजी काम पर जा रहे एक एक व्यक्ति ने सड़क किनारे शव को देखा। उसके शरीर पर वाहन से कुचले जाने जैसे गंभीर निशान थे। सड़क किनारे कच्ची जगह पर वाहन के टायरों के निशान भी पाए गए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में ले लिया।
मृतक की पहचान सिकंदर अली (28) पुत्र शेर दीन निवासी कोटला (चक्कसराय) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सिकंदर अली पेशे से ड्राइवर था। डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल का कहना है कि पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को वारिसों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस द्वारा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन एवं चालक की तलाश में जुटी है।