Edited By Vijay, Updated: 20 Apr, 2023 09:18 PM

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास दि रिट्रीट को आम जनता के लिए खोल दिया है। उन्होंने वीरवार को इसे आम जनता के लिए खोलने की आधिकारिक घोषणा की, ऐसे में अब राष्ट्रपति निवास 23 अप्रैल से आम आदमी के लिए खुल जाएगा।
शिमला (कुलदीप): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मशोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास दि रिट्रीट को आम जनता के लिए खोल दिया है। उन्होंने वीरवार को इसे आम जनता के लिए खोलने की आधिकारिक घोषणा की, ऐसे में अब राष्ट्रपति निवास 23 अप्रैल से आम आदमी के लिए खुल जाएगा। राष्ट्रपति की तरफ से सायं अपने आधिकारिक निवास पर एट होम का आयोजन भी किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल व लेडी गवर्नर जानकी शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, मुख्य संसदीय सचिव, विधायक, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, प्रतिष्ठित वरिष्ठ नागरिक, प्रदेश पुलिस व प्रशासन के अधिकारी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी एवं शहर के अन्य गण्यमान्य व्यक्ति भी इस समारोह में उपस्थित थे।

ऐतिहासिक धरोहर को देखने एडवांस स्टडी पहुंचीं राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिमला के अपने 4 दिवसीय प्रवास के दौरान भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान (एडवांस स्टडी) का दौरा किया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। राष्ट्रपति ने संस्थान में पिक्चर गैलरी, पुस्तकालय, तत्कालीन संरक्षित कार्यालयों और मुख्य भवन के प्रांगण का अवलोकन किया। उन्होंने इस दौरान संस्थान के अध्यक्ष व इग्रू के कुलपति से मुलाकात करने के अलावा शोधाॢथयों के कार्यों को भी देखा। इस अवसर पर संस्थान की अध्यक्ष प्रो. शशिप्रभा कुमार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय नई दिल्ली के कुलपति एवं संस्थान के निदेशक प्रो. नागेश्वर राव, उपाध्यक्ष प्रो. शैलेंद्र राज मेहता और सचिव सुब्रत कुमार प्रधान ने राष्ट्रपति का भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान पहुंचने पर स्वागत किया। उनके साथ मिनिस्टर इन वेटिंग व शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर व पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
जाखू मंदिर में की पूजा-अर्चना
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिमला के प्रसिद्ध जाखू मंदिर के दर्शन करने भी पहुंचीं। उन्होंने इस दौरान मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की तथा परिसर में स्थित रामभक्त हनुमान की 108 फुट ऊंची मूर्ति को भी निहारा। इस अवसर पर राष्ट्रपति को मंदिर के प्राचीन इतिहास की भी जानकारी दी गई।
राष्ट्रपति से मिले हाटी समुदाय के लोग
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से हाटी समुदाय का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंगटा के नेतृत्व में मिला। उन्होंने हाटी समुदाय को जनजातीय का दर्जा देने संबंधी विधेयक राज्यसभा से शीघ्र पारित करवाने का आग्रह किया।

राष्ट्रपति की पुत्री ने उठाया रिज पर घूमने का आनंद
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ आईं उनकी पुत्री इतिश्री मुर्मू ने ऐतिहासिक रिज मैदान व मालरोड पर घूमने का आनंद भी उठाया। इस दौरान राष्ट्रपति की पुत्री के साथ एनएसजी कमांडो व पुलिस के जवान भी उपस्थित रहे। उधर, शिमला शहर में वीवीआईपी मूवमैंट के चलते मुख्य लाइफ लाइन ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के पुलिस के प्रयास इस बार सराहनीय नजर आए। उनके 4 दिवसीय दौरे को लेकर जिला पुलिस प्रशासन की तरफ से पहले ही टै्रफिक प्लान तैयार किया गया था ताकि विद्यार्थियों, मरीजों, सरकारी कर्मचारियों व आम आदमी को परेशानी न हो। राष्ट्रपति अपने परिवार के 8 सदस्यों सहित 28 लोगों के साथ शिमला पहुंची हैं, जिसके लिए 4 हैलीकाप्टरों की सेवाएं ली गई हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here