क्रिकेटर रेणुका ठाकुर के परिवार का छलका दर्द, CM सुक्खू की पुरानी घोषणा पर उठाए सवाल; एक साल से इनाम और नौकरी का इंतजार

Edited By Swati Sharma, Updated: 02 Oct, 2026 10:22 AM

cricketer renuka thakur

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता सदस्य और रोहड़ू के पारसा गांव की रेणुका ठाकुर को लेकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पुरानी घोषणा पर परिवार ने फिर सवाल उठाए हैं।

Shimla News : भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता सदस्य और रोहड़ू के पारसा गांव की रेणुका ठाकुर को लेकर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की पुरानी घोषणा पर परिवार ने फिर सवाल उठाए हैं। नवंबर 2025 में विश्व कप जीत के बाद मुख्यमंत्री ने रेणुका को एक करोड़ रुपये का इनाम और उपयुक्त सरकारी नौकरी देने की बात कही थी। गुरुवार को मुख्यमंत्री के रोहड़ू दौरे के दौरान रेणुका का परिवार विधायक मोहन लाल ब्राक्टा के माध्यम से मुख्यमंत्री से मिला। परिवार के अनुसार, मुलाकात में मुख्यमंत्री ने पुरानी घोषणा को लेकर कहा, “मैं भूल गया था, मुझे याद नहीं दिलाया।” परिवार ने इसके बाद मुख्यमंत्री से अपना वादा पूरा करने का आग्रह किया।

मां सुनीता ठाकुर बोलीं- करीब एक साल बाद भी इंतजार

रेणुका की मां सुनीता ठाकुर ने बताया कि विश्व कप जीतने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं रेणुका को फोन कर बधाई दी थी। इसी दौरान एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरी देने की बात कही गई थी। सुनीता के अनुसार, करीब एक साल बीतने के बाद भी न तो घोषित इनाम मिला और न ही नौकरी का मामला पूरा हुआ।सुनीता ने बताया कि उन्होंने यह मुद्दा गुरुवार को रोहड़ू में मुख्यमंत्री के सामने रखा और उनसे पुराना वादा पूरा करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि परिवार की ओर से सरकार से लगातार किसी नए लाभ की मांग नहीं की जा रही, बल्कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा को पूरा करने की अपेक्षा है।रेणुका की मां के अनुसार, रेणुका अभी रेलवे में खेल अधिकारी के तौर पर सेवाएं दे रही हैं और वह हिमाचल में नौकरी का अवसर चाहती हैं। खेल विभाग की ओर से सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की बात भी परिवार को बताई गई है। विभाग के अतिरिक्त निदेशक गौरव महाजन के अनुसार विभाग ने सरकार को प्रस्ताव भेजा है और आवश्यकता पड़ने पर दोबारा प्रस्ताव भेजा जाएगा।

एशियन गेम्स की पुरस्कार सूची में भी नाम नहीं

मामला अब एशियन गेम्स की पुरस्कार राशि से भी जुड़ गया है। जापान में आयोजित 2026 एशियन गेम्स में रेणुका भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्वर्ण पदक विजेता 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा थीं। हालांकि वह टूर्नामेंट में भारत की अंतिम एकादश में नहीं खेलीं, लेकिन आधिकारिक स्वर्ण पदक विजेता टीम की सदस्य थीं।  इसके बाद हिमाचल सरकार ने एशियन गेम्स के पदक विजेताओं के लिए करीब 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि घोषित की। सूची में भारतीय महिला कबड्डी टीम की हिमाचली खिलाड़ी पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33.33-33.33 लाख रुपये, सावन बरवाल को 2.50 करोड़ और सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई। जारी सूची में रेणुका का नाम नहीं है।

एक तरफ विश्व कप के बाद घोषित एक करोड़ रुपये और नौकरी का मामला लंबित होने की बात परिवार कह रहा है, वहीं दूसरी ओर एशियन गेम्स की पुरस्कार सूची में रेणुका का नाम नहीं होने से भी परिवार ने सवाल उठाया है। रोहड़ू दौरे के दौरान मुख्यमंत्री के सामने मामला दोबारा पहुंचने के बाद अब परिवार को सरकार की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार है। रेणुका ने 2025 में भारत की विश्व कप जीत में हिस्सा लिया था और मुख्यमंत्री ने उसी समय उन्हें एक करोड़ रुपये के पुरस्कार तथा नौकरी उपलब्ध करवाने की बात कही थी।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!