Shimla News: CM से मिलने ओकओवर जा रहे दृष्टिबाधितों को पुलिस ने रोका, सड़क पर दिया धरना...सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

Edited By Vijay, Updated: 08 Jul, 2026 07:12 PM

police stopped visually impaired people in shimla

अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बुधवार को शिमला की सड़कों पर उतरे दृष्टिबाधितों का दर्द तब छलक उठा, जब उन्हें मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर की तरफ जाने से रोक दिया गया।

शिमला (संतोष): अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर बुधवार को शिमला की सड़कों पर उतरे दृष्टिबाधितों का दर्द तब छलक उठा, जब उन्हें मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर की तरफ जाने से रोक दिया गया। ब्लाइंड पर्सन एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के बैनर तले बड़ी संख्या में मार्च कर रहे इन लोगों को पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए छोटा शिमला के समीप बैरिकेड्स लगाकर रोक दिया। आगे बढ़ने से रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों ने मौके पर ही धरना शुरू कर दिया और चिलचिलाती धूप में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना गहरा रोष व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री को सौंपना चाहते थे ज्ञापन
जानकारी के अनुसार एसोसिएशन के बैनर तले एकजुट हुए ये दृष्टिबाधित अपनी लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए सीधे मुख्यमंत्री से मिलकर उन्हें अपना ज्ञापन सौंपना चाहते थे। लेकिन ओकओवर पहुंचने से पहले ही प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। धरने पर बैठे एसोसिएशन के सदस्यों ने अब प्रदेश सरकार से अपील की है कि उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के लिए जल्द से जल्द टेबल टॉक (वार्ता) आयोजित की जाए।

सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल
प्रदर्शन के दौरान मौके पर मौजूद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने भारी रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर गुहार लगा रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक उनके हक में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सरकार द्वारा लगातार की जा रही इसी अनसुनी के कारण उन्हें विवश होकर इस कड़कड़ाती धूप और मुश्किल हालात में सड़कों पर उतरना पड़ा है। उन्होंने मांग की है कि सरकार तुरंत उनकी सुध ले।

भारी पुलिस बल रहा तैनात, शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन
दूसरी ओर, दृष्टिबाधितों द्वारा ओकओवर कूच किए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन पहले से ही पूरी तरह मुस्तैद था। छोटा शिमला में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि, रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों में भारी रोष था और उन्होंने जमकर नारेबाजी भी की, लेकिन यह पूरा प्रदर्शन पूर्ण रूप से शांतिपूर्ण बना रहा। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। सड़क पर डटे ये दृष्टिबाधित प्रदर्शनकारी अब भी सरकार की तरफ से सकारात्मक वार्ता का बुलावा आने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!