Shimla News: जबड़े में कुत्ते को दबोच ले जा रहा था तेंदुआ, डंडा लेकर भिड़ गया शख्स; CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर

Edited By Vijay, Updated: 25 Jun, 2026 03:56 PM

leopard in new shimla

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के पॉश इलाके न्यू शिमला में एक बार फिर तेंदुए की धमक से लोगों में दहशत फैल गई है। वीरवार सुबह सैक्टर-4 में एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया।

शिमला (राजेश): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के पॉश इलाके न्यू शिमला में एक बार फिर तेंदुए की धमक से लोगों में दहशत फैल गई है। वीरवार सुबह सैक्टर-4 में एक तेंदुआ रिहायशी इलाके में घुस आया। इस दौरान तेंदुए की एक खौफनाक हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसने पूरे इलाके के लोगों की नींद उड़ा दी है।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार वीरवार सुबह करीब 5 बजे तेंदुए ने एक आवारा कुत्ते पर हमला कर दिया। वह कुत्ते को अपने जबड़े में दबोच ही चुका था कि तभी वहां एक स्थानीय व्यक्ति अपने पालतू कुत्ते के साथ पहुंच गया, जोकि सैर करने निकला था। तेंदुए को देखते ही वह शख्स ने हाथ में पकड़े डंडे से तेंदुए को डराया, जिस पर तेंदुआ कुत्ते को वहीं छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकला।

इस पूरी घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय निवासी और अधिवक्ता विवेक कुमार अत्री ने बताया कि सुबह 5 बजे अमूमन लोग सैर पर निकलते हैं, ऐसे में यह घटना बेहद डराने वाली है। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्होंने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दे दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और क्षेत्र में तेंदुए की तलाश की जा रही है।

सैक्टर-3 में शावकों के होने की खबर, लगेगा पिंजरा
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार रिहायशी इलाके में घूम रहा यह जानवर एक मादा तेंदुआ है। सबसे ज्यादा खौफ इस बात का है कि न्यू शिमला के सैक्टर-3 में इस मादा तेंदुए के बच्चों (शावकों) के होने की भी चर्चा है, हालांकि अभी तक शावक किसी को दिखाई नहीं दिए हैं। वहीं, वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि उनकी टीम तेंदुए को पकड़ने की पूरी कोशिश कर रही है और इसे काबू करने के लिए जल्द ही इलाके में पिंजरा लगाया जाएगा।

पहले भी दिख चुका है तेंदुआ, लोगों ने की सुरक्षा की मांग
यह कोई पहला मौका नहीं है जब इस क्षेत्र में तेंदुआ नजर आया हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि न्यू शिमला और इसके आसपास के इलाकों में पहले भी कई बार तेंदुए की चहलकदमी देखी जा चुकी है। हालांकि, आबादी वाले इस इलाके में सुबह के समय लोगों की मौजूदगी के बीच तेंदुए का शिकार करते हुए दिखाई देना गंभीर चिंता का विषय है। क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से मांग की है कि तेंदुए की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए और लोगों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!