Edited By Vijay, Updated: 16 Jul, 2026 12:56 PM

लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे एक उद्घोषित अपराधी को आखिरकार मंडी पुलिस के पीओ सैल ने धर दबोचा है। पीओ सैल की टीम ने पंजाब में दबिश देकर इस शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
सुंदरनगर (सोढी): लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे एक उद्घोषित अपराधी को आखिरकार मंडी पुलिस के पीओ सैल ने धर दबोचा है। पीओ सैल की टीम ने पंजाब में दबिश देकर इस शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी मंडी जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज मुकद्दमों में वांटेड था और सजा से बचने के लिए काफी समय से राज्य से बाहर छिपा हुआ था।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए इस आरोपी की पहचान विनोद कुमार उर्फ नोनू पुत्र ओम प्रकाश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मंडी शहर के सोहड़ा मोहल्ला (मकान नंबर-248/4) का रहने वाला है। मंडी पुलिस की विशेष टीम को उसके पंजाब में छिपे होने की भनक लग गई थी। इसी सटीक सूचना के आधार पर टीम ने पंजाब के बटाला क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कादियां इलाके में रेड की और उसे धर दबोचा।
विनोद कुमार उर्फ नोनू के खिलाफ मंडी जिले के विभिन्न थानों में 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों की सुनवाई के दौरान वह बार-बार सम्मन भेजने के बावजूद अदालत में पेश नहीं हो रहा था। न्याय प्रक्रिया से भागने और लगातार कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने पर न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।
आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बल्ह में वर्ष 2016 में किसी के घर में जबरन घुसकर मारपीट करने और जानबूझकर अपमानित करने का केस दर्ज हुआ था। इसके अगले ही वर्ष 2017 में पुलिस थाना सदर मंडी में उस पर चोरी व अन्य आपराधिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज हुई। वहीं, वर्ष 2018 में सदर थाने में ही लापरवाही से वाहन चलाकर एक्सीडैंट करने और मोटर वाहन अधिनियम के तहत एक और मामला दर्ज किया गया। इसके बाद वर्ष 2019 में पुलिस थाना औट में भी आईपीसी की धारा 174-ए के तहत उस पर मुकद्दमा दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम अब इस उद्घोषित अपराधी को पंजाब से वापस ले आई है। इस पूरी कार्रवाई और गिरफ्तारी की पुष्टि एसपी विनोद कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अब न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। वर्षों तक कानून से भागने वाले इस अपराधी के खिलाफ अब अदालत के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें