Edited By Kuldeep, Updated: 10 May, 2026 05:42 PM

पालमपुर में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नगर निगम मुद्दे को लेकर कांग्रेस सरकार पर कहा कि पालमपुर की भावनाओं का सम्मान करते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नगर निगम का गठन किया था।
पालमपुर (भृगु): पालमपुर में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने नगर निगम मुद्दे को लेकर कांग्रेस सरकार पर कहा कि पालमपुर की भावनाओं का सम्मान करते हुए भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नगर निगम का गठन किया था। उस समय कुछ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में नाराजगी अवश्य थी जिसे भाजपा सरकार ने समझा और आश्वासन दिया था कि पुनर्सीमांकन प्रक्रिया के दौरान जो लोग नगर निगम क्षेत्र से बाहर जाना चाहेंगे, उन्हें बाहर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम गठन के बाद हुए चुनाव में कांग्रेस ने गाय, बछड़े और अन्य ग्रामीण गतिविधियों पर टैक्स लगाने जैसी भ्रांतियां फैलाकर लोगों को गुमराह किया जिसके कारण कांग्रेस को चुनाव में जीत मिली। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में भी वायदा किया था कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों के लोग नगर निगम से बाहर जाना चाहते हैं, उन्हें बाहर कर दिया जाएगा लेकिन प्रदेश में साढ़े तीन वर्ष से कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि प्रदेश में भाजपा सरकार होती तो उस समय जनता से किया गया वायदा जरूर पूरा किया जाता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पालमपुर को नगर निगम का दर्जा लोगों की मांग पर दिया था, ताकि केंद्र सरकार से मिलने वाले बजट के माध्यम से इन शहरों का समग्र विकास किया जा सके।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही विकास कार्यों की गति रोक दी और मर्ज एरिया के लोगों पर टैक्स का अतिरिक्त बोझ डाल दिया जबकि भाजपा ने 5 वर्षों तक राहत देने का वायदा किया था। नेता प्रतिपक्ष ने वर्तमान प्रदेश सरकार को एक साल का मेहमान बताते हुए कहा कि कांग्रेस केवल झूठ के सहारे टिकी हुई है।