Edited By Kuldeep, Updated: 16 Jul, 2026 04:27 PM

नगरोटा बगवां के समीप उपरली कोठी (गुजरेहड़ा) गांव में बुधवार देर रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली।
नगरोटा बगवां (बिशन): नगरोटा बगवां के समीप उपरली कोठी (गुजरेहड़ा) गांव में बुधवार देर रात चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय घर में अकेली महिला मौजूद थी, जिसे कमरे में बाहर से बंद कर चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार वारदात के समय घर में केवल रजनी देवी मौजूद थीं। उनके पति भगवान दास घर से बाहर थे, जबकि बेटा और बहू नौकरी के कारण गुजरात में रहते हैं। बताया जा रहा है कि रात करीब 2:30 बजे चोर घर में दाखिल हुए। उन्होंने पहले रजनी देवी के कमरे को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया और फिर साथ वाले कमरे में पहुंचकर अलमारी का लॉकर तोड़ दिया।
लॉकर में रखे सास-बहू के सोने के गहने, जिनमें नथ, मांग टीका, मंगलसूत्र, अंगूठियां सहित अन्य आभूषण तथा करीब 2,500 रुपये नकद चोरी कर लिए। परिजनों के अनुसार चोरी हुए जेवरों की कीमत वर्तमान बाजार मूल्य के अनुसार करीब 8 से 9 लाख रुपये आंकी जा रही है। सुबह करीब छह बजे रजनी देवी की नींद खुली तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खुलवाया। दूसरे कमरे में पहुंचने पर अलमारी का टूटा लॉकर और बिखरा सामान देखकर उन्होंने तुरंत नगरोटा बगवां पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीएसपी कांगड़ा मनोज धीमान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।