Chamba News: लैंडस्लाइड ने रोका ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर 7 माह के मासूम का रास्ता, NHAI टीम ने ऐसे पहुंचाया अस्पताल

Edited By Vijay, Updated: 23 Jul, 2026 10:03 PM

nhai team rescue 7 month baby dependent on oxygen support amidst landslide

भरमौर क्षेत्र में भारी बारिश और लगातार हो रहे भूस्खलन के बीच एनएचएआई की टीम आम जनमानस के लिए देवदूत बनकर सामने आई है। खराब मौसम और पत्थरों की बारिश के बीच एनएचएआई की टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर....

भरमौर (उत्तम): भरमौर क्षेत्र में भारी बारिश और लगातार हो रहे भूस्खलन के बीच एनएचएआई की टीम आम जनमानस के लिए देवदूत बनकर सामने आई है। खराब मौसम और पत्थरों की बारिश के बीच एनएचएआई की टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर एक 7 माह के शिशु और उसके परिवार का सफल रैस्क्यू किया है।

बत्ती की हटी के पास फंसा था परिवार
जानकारी के अनुसार इलाके में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण बत्ती की हटी के पास भारी भूस्खलन हो गया था, जिससे सड़क दोनों तरफ से पूरी तरह अवरुद्ध हो गई थी। इसी दौरान मार्ग पर एक परिवार फंस गया, जिनके साथ 7 महीने का एक बीमार शिशु भी था। शिशु की हालत नाजुक थी और वह पूरी तरह से ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर था। मार्ग बंद होने के कारण परिवार के सामने एक बड़ी आपातकालीन स्थिति खड़ी हो गई थी।

पैट्रोलिंग वाहन से मासूम को पहुंचाया अस्पताल
इस दौरान वहां सड़क बहाली का कार्य कर रही एनएचएआई की टीम को जब इस बात का पता चला, तो उसने समय की नजाकत को समझते हुए तुरंत मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। टीम ने बिना कोई विलंब किए अपने पैट्रोलिंग वाहनों का इस्तेमाल किया और शिशु सहित पूरे परिवार को सुरक्षित वहां से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

गिरते पत्थरों के बीच जारी है सड़क बहाली का काम
क्षेत्र में परिस्थितियां बेहद खतरनाक बनी हुई हैं। सक्रिय भूस्खलन और पहाड़ों से लगातार गिरते पत्थरों जैसी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एनएचएआई की टीम दिन-रात अपने कर्तव्य पर डटी हुई है। टीम न केवल अवरुद्ध मार्गों को खोलने का काम कर रही है, बल्कि बीच रास्ते में फंसे जरूरतमंद नागरिकों की हर संभव सहायता भी कर रही है। उनका यह सेवा-भाव, साहस और मानवीय जिम्मेदारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

एडीएम ने थपथपाई एनएचएआई टीम की पीठ, लोगों से की ये अपील
भरमौर प्रशासन ने एनएचएआई टीम के इस साहसिक कार्य की जमकर सराहना की है। एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने विपरीत परिस्थितियों में जनसेवा के प्रति टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता को अनुकरणीय बताया है। इसके साथ ही, एडीएम विकास शर्मा ने आम जनता से भी अपील की है कि वे वर्तमान मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें। उन्होंने आग्रह किया है कि जब तक मौसम साफ न हो जाए, लोग अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें और अपनी जान जोखिम में न डालें।

 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!