Edited By Kuldeep, Updated: 03 Nov, 2026 05:16 PM

दीपावली के त्यौहार पर आतिशबाजी और अन्य कारणों से आगजनी की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग चम्बा ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है।
चम्बा (रणवीर): दीपावली के त्यौहार पर आतिशबाजी और अन्य कारणों से आगजनी की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग चम्बा ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। त्यौहार के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग ने सभी 26 कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इतना ही नहीं, कर्मचारियों को हर समय अलर्ट रहने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि आग लगने की किसी भी घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके।
आमतौर पर अग्निशमन विभाग में 8 से 10 कर्मचारी ही तैनात रहते हैं, लेकिन दीपावली के मद्देनजर सभी 26 कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे। कर्मचारियों की ड्यूटी शाम 4 बजे से अगले दिन सुबह 8 बजे तक निर्धारित की गई है। इनमें लीडिंग फायरमैन, चालक और गृहरक्षक शामिल हैं। विभाग ने सभी अग्निशमन वाहनों की मुरम्मत और जांच करवाकर उन्हें आपात स्थिति के लिए तैयार कर दिया है।
3 दमकल गाड़ियां रहेंगी तैनात
जिला मुख्यालय में आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए पानी की तीन गाड़ियों के साथ एक छोटी जीप और बाइक का भी प्रबंध किया गया है। विभाग की बड़ी वाटर बाउजर गाड़ी में 9 हजार लीटर पानी स्टोर करने की क्षमता है, जबकि अन्य दो वाटर बाउजर गाड़ियों में 4500-4500 लीटर पानी उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा शहर में स्थापित सभी अग्निशमन हाईड्रैंट की जांच भी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर पानी की आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
दुकानदारों को दिए एहतियात बरतने के निर्देश
अग्निशमन विभाग ने दुकानदारों को भी आगजनी से बचाव के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया है। दुकानदारों को अपनी दुकानों के बाहर रेत से भरी बाल्टी रखने और पानी से भरे बर्तन उपलब्ध रखने का संदेश दिया गया है, ताकि छोटी-मोटी आग लगने की स्थिति में शुरूआती स्तर पर ही उस पर काबू पाया जा सके। विभाग की ओर से लोगों को भी पटाखे चलाते समय सावधानी बरतने और ज्वलनशील सामग्री से दूरी बनाए रखने की अपील की जा रही है।
हर सूचना पर तुरंत पहुंचेगी टीम
अग्निशमन विभाग के अधिकारी राजेश ठाकुर ने बताया कि दीपावली को लेकर विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और उन्हें किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि शहर के सभी हाईड्रैंट का निरीक्षण किया जा रहा है तथा दुकानदारों को भी सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि दीपावली का त्यौहार सुरक्षित तरीके से मनाया जा सके।