Edited By Vijay, Updated: 28 Jul, 2026 12:26 PM

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में सोमवार की रात लोगों के लिए खौफ और दहशत का सबब बन गई। मूसलाधार बारिश के चलते सरोल मोहल्ले समेत आसपास के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए।
चम्बा: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में सोमवार की रात लोगों के लिए खौफ और दहशत का सबब बन गई। नगर परिषद चम्बा के सुल्तानपुर वार्ड स्थित ओवड़ी मोहल्ले में देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि गहरी नींद में सो रहे लोग जान बचाने के लिए अपने घरों से बाहर भागने को मजबूर हो गए। अचानक बने तबाही जैसे हालातों ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार आधी रात को आसमान से आफत बरसने लगी। तेज बारिश के शोर के बीच मोहल्ले में मलबा आने से अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर कई परिवारों ने तुरंत अपने घरों को खाली कर दिया और खुले व सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ पड़े। हालात यह थे कि बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने खौफ के साये में पूरी रात जागकर काटी। गनीमत यह रही कि इस भयानक मंजर के बावजूद किसी भी प्रकार की जनहानि की कोई खबर नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग तुरंत हरकत में आ गए। अधिकारियों की टीम स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और इलाके की मॉनिटरिंग की जा रही है।

उधर, मूसलाधार बारिश के चलते सरोल मोहल्ले समेत आसपास के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। तेज बारिश के कारण आया मलबा कई मकानों और दुकानों में घुस गया, जबकि 10 से अधिक वाहनों को भी नुक्सान पहुंचा है।वहीं चम्बा डिग्री कॉलेज परिसर में भी पानी और मलबा भर गया है।

मौसम के लगातार बिगड़ते मिजाज को देखते हुए चम्बा प्रशासन ने आम जनता के लिए अलर्ट जारी किया है। लोगों से अपील की गई है कि वे पूरी तरह से एहतियात बरतें और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों व संवेदनशील स्थानों के आसपास बिल्कुल न जाएं। इसके अलावा, नदी-नालों के उफान पर आने की आशंका के चलते उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आग्रह किया है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या खतरे का अंदेशा होने पर तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते बचाव कार्य किया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें