Edited By Kuldeep, Updated: 17 May, 2026 05:38 PM

पंचायत चुनाव के दृष्टिगत जिला पुलिस हमीरपुर द्वारा शराब, नशा तस्करी एवं अन्य गैर कानूनी गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना नादौन को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
नादौन (जैन): पंचायत चुनाव के दृष्टिगत जिला पुलिस हमीरपुर द्वारा शराब, नशा तस्करी एवं अन्य गैर कानूनी गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना नादौन को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना प्रभारी निर्मल सिंह की अगुवाई में कृपाल सिंह, कुलदीप कुमार व कुलदीप चंद सहित अन्य पुलिस कर्मचारी क्षेत्र में गश्त पर थे कि इस दौरान पुलिस टीम ने गांव दरताल स्थित शर्मा जनरल स्टोर पर छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध देसी शराब बरामद की, जिसे बिना लाइसैंस और परमिट के अवैध रूप से रखा गया था। जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त दुकान में अवैध शराब का भंडारण किया गया है व सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान कुल 54 पेटियां देसी शराब मार्का बरामद की गईं।
पुलिस ने बरामद अवैध शराब को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। इस अवसर पर थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि क्षेत्र में नशा तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
एसडीपीओ नादौन गौरवजीत सिंह ने आम जनता से अपील की है कि पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न करवाने के लिए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें तथा अवैध शराब, नशा तस्करी एवं किसी भी गैर कानूनी गतिविधि संबंधी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।