Edited By Swati Sharma, Updated: 21 Jun, 2026 04:21 PM

Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगेंद्रनगर उपमंडल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शनिवार रात को तीन युवकों ने एक घर पर धावा बोलकर पिता और बेटे पर दराट (तेजधार हथियार) से हमला कर दिया। इस हमले में पिता-पुत्र दोनों घायल...
Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के जोगेंद्रनगर उपमंडल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शनिवार रात को तीन युवकों ने एक घर पर धावा बोलकर पिता और बेटे पर दराट (तेजधार हथियार) से हमला कर दिया। इस हमले में पिता-पुत्र दोनों घायल हुए हैं। पूरी वारदात पड़ोस में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज को कब्जे में लेकर पुलिस ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।
क्या है मामला?
जानकारी के मुताबिक, मामला जोगेंद्रनगर उपमंडल की नेर घरवासड़ा पंचायत के नेर गांव का है। बताया जा रहा है कि नेर गांव के निवासी हेमराज (पुत्र लक्ष्मण सिंह) रात को अपने घर में खाना खा रहे थे कि अचानक घर के बाहर कुछ युवकों के गाली-गलौज करने और गाड़ी का हॉर्न बजाने की आवाजें आईं। हेमराज जब बाहर निकले और युवकों को समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी भड़क गए और हाथापाई पर उतर आए। पिता को घिरता देख उनका 20 वर्षीय छोटा बेटा अक्षम उर्फ आदित्य बीच-बचाव करने के लिए आगे आया। इसी दौरान हमलावरों ने अपने पास रखे दराट से अक्षम पर वार कर दिया। बेटे को बचाने के चक्कर में हेमराज की बाईं बाजू पर गहरी चोट आई है।
मामला दर्ज
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पीड़ित हेमराज के अनुसार, हमला करने वाले तीनों आरोपी नजदीकी बस्सी गांव के रहने वाले हैं। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरी वारदात पड़ोस में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज को कब्जे में लेकर पुलिस ने हमलावरों की तलाश तेज कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है।
प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें